48 घंटे में ह*त्या कांड का खुलासा, बुढ़मू थाना पुलिस ने 4 आरोपियों को किया गिर*फ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रांची।
बुढ़मू थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 48 घंटे के भीतर एक सनसनीखेज हत्या कांड का उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने चार अपराधकर्मियों को हथियार, जिंदा गोलियों और मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया है। मामला बुढ़मू थाना कांड संख्या 82/25 (दिनांक 30 दिसंबर 2025) से संबंधित है, जो भारतीय न्याय संहिता की धारा 103/238 एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज किया गया था।
पुलिस के अनुसार, 30 दिसंबर 2025 को मो. एकराम, ग्राम हफुवा (थाना पतरातु, जिला रामगढ़) ने बुढ़मू थाना में लिखित आवेदन देकर जानकारी दी थी कि उनके भतीजे पियूस उर्फ इबरार अंसारी की अज्ञात अपराधकर्मियों ने गोली मारकर हत्या कर दी है। हत्या के बाद शव को सरईदाह करमबोहा नदी के पास रेलवे पुल के समीप रेलवे ट्रैक के नजदीक फेंक दिया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) रांची की निगरानी में पुलिस उपाधीक्षक, खलारी के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्यों और अन्य स्रोतों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने गहन अनुसंधान शुरू किया।
इसी क्रम में 2 जनवरी 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि इस कांड में शामिल अपराधी ग्राम छापर बरवाटोली में देखे गए हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने छापेमारी कर समीर अंसारी और साहिल टुडू को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
पूछताछ में समीर अंसारी ने बताया कि उसने मृतक पियूस उर्फ इबरार अंसारी से करीब छह महीने पहले ढाई लाख रुपये लिए थे। रुपये वापस मांगने को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया था। इसी रंजिश में उसने अपने सहयोगियों साहिल टुडू और राम मुर्मू के साथ मिलकर पियूस उर्फ इबरार अंसारी की गोली मारकर हत्या कर दी और शव को रेलवे ट्रैक के पास फेंक दिया।
गिरफ्तार अपराधकर्मियों की निशानदेही पर पुलिस ने कांड में शामिल राम मुर्मू और नरेश मरांडी को भी गिरफ्तार किया। पुलिस ने नरेश मरांडी के घर से हत्या में प्रयुक्त एक मैगजीनयुक्त देशी पिस्तौल, एक देशी कट्टा और कुल 9 जिंदा गोलियां बरामद की हैं। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त एक अपाची मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया है।
फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
गिरफ्तार आरोपी
समीर अंसारी, पिता – आमिर अंसारी, ग्राम हफुआ मुस्लिम टोला, थाना पतरातु, जिला रामगढ़
साहिल टुडू, पिता – महादेव टुडू, ग्राम छापर बरवाटोली, थाना बुढ़मू, जिला रांची
राम मुर्मू, पिता – मनोज मुर्मू, ग्राम छापर बरवाटोली, थाना बुढ़मू, जिला रांची
नरेश मरांडी, पिता – देवराम मांझी, ग्राम पचंडा, थाना बड़कागांव, जिला हजारीबाग
बरामद सामग्री
एक मैगजीनयुक्त देशी पिस्तौल
एक देशी कट्टा
7.56 बोर की 5 जिंदा गोलियां
315 बोर की 4 जिंदा गोलियां
5 मोबाइल फोन
एक अपाची मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर JH-01 BN-3743)

Ranchi Club Tv
Author: Ranchi Club Tv

Leave a Comment

और पढ़ें