दीपिका पांडेय सिंह ने रक्षा शक्ति विश्वविद्यालय परिसर में किया पलाश दीदी कैफ़े का उद्घाटन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

राँची:- झारखंड की ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने रांची स्थित रक्षा शक्ति विश्वविद्यालय परिसर में पलाश दीदी कैफ़े का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि पलाश दीदी कैफ़े केवल झारखंड के स्वादिष्ट और पौष्टिक व्यंजनों का केंद्र नहीं है, बल्कि यह ग्रामीण महिलाओं के श्रम, हुनर, स्वाभिमान और आत्मनिर्भरता को सम्मान देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि ग्रामीण महिलाओं को उनके हुनर के अनुरूप प्रशिक्षण देने के बाद उन्हें ऋण और वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। इसके साथ ही उनके उत्पादों और सेवाओं को बाजार से जोड़कर स्वरोजगार के स्थायी अवसर तैयार किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ‘पलाश’ के माध्यम से महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे स्थानीय और पारंपरिक उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने के साथ बेहतर पहचान और उचित मूल्य दिलाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है।

सरकारी आयोजनों और संस्थानों में पलाश उत्पादों को प्राथमिकता

दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि सरकारी आयोजनों और विभिन्न संस्थानों में ‘पलाश’ से जुड़ी दीदियों द्वारा तैयार उत्पादों और खाद्य सामग्री को प्राथमिकता के साथ स्थान मिले, इसके लिए झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) के माध्यम से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार का लक्ष्य पूरे राज्य में पलाश दीदी कैफ़े का विस्तार करना है, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण महिलाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर मिल सकें।

उन्होंने कहा कि पलाश दीदी कैफ़े इस अभियान के विस्तार की एक मजबूत कड़ी है। इस नए केंद्र के माध्यम से लोगों को झारखंड के पारंपरिक स्वाद से जुड़ने का अवसर मिलेगा, वहीं ग्रामीण महिलाओं के हुनर और उनके उत्पादों को नए उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के लिए एक सशक्त मंच भी मिलेगा।

छह महीने में रांची में शुरू होगा पहला पलाश मार्ट

मंत्री ने कहा कि पलाश के विस्तार के अगले चरण में पलाश मार्ट की शुरुआत की जाएगी। रांची में राज्य के पहले पलाश मार्ट का उद्घाटन अगले छह महीनों के भीतर किए जाने का लक्ष्य है। उन्होंने यह भी बताया कि भगवान बिरसा जैविक उद्यान में अगला पलाश दीदी कैफ़े जल्द शुरू किया जाएगा।

पलाश मार्ट और दीदी कैफ़े के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों की दीदियों द्वारा तैयार विभिन्न स्थानीय उत्पादों को व्यापक और संगठित बाजार उपलब्ध कराने की योजना है। इससे ग्रामीण महिलाओं के उत्पादों की पहुंच बढ़ाने के साथ उन्हें नए उपभोक्ताओं तक पहुंचने का अवसर मिलेगा।

‘स्थानीय से वैश्विक’ की परिकल्पना को मिलेगी मजबूती

दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि राज्य के विभिन्न संस्थानों, सार्वजनिक स्थलों और प्रमुख केंद्रों पर पलाश के ऐसे केंद्रों का विस्तार ग्रामीण महिलाओं के उत्पादों को व्यापक पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे स्थानीय उत्पादों के लिए नए बाजार तैयार होंगे और ‘स्थानीय से वैश्विक’ की परिकल्पना को भी मजबूती मिलेगी।

उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान JSLPS के CEO अनन्य मित्तल, IAS अधिकारी अंजलि यादव सहित JSLPS के अधिकारी मौजूद रहे।

Ranchi Club Tv
Author: Ranchi Club Tv

Leave a Comment

और पढ़ें