राँची में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 का शुभारंभ, जागरूकता रथ को डीसी ने दिखाई हरी झंडी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

राँची।
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से राँची में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 का शुभारंभ किया गया। इस मौके पर उपायुक्त–सह–जिला दंडाधिकारी राँची श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने शुक्रवार को समाहरणालय परिसर से सड़क सुरक्षा जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह अभियान 01 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक पूरे राँची जिले में चलाया जाएगा। जागरूकता रथ जिले के शहरी और ग्रामीण इलाकों, स्कूलों, कॉलेजों और बाजारों में भ्रमण कर लोगों को हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग, ओवरस्पीडिंग से बचाव, नशे में वाहन न चलाने जैसे महत्वपूर्ण संदेश देगा।
इस वर्ष राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह की थीम “सीख से सुरक्षा” रखी गई है। उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि सड़क दुर्घटनाएँ जान–माल के नुकसान का बड़ा कारण बन रही हैं। ऐसे में नागरिकों को यातायात नियमों की शिक्षा देकर ही दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे खुद नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ट्रैफिक राँची श्री राकेश सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जनता से प्रशासन के साथ सहयोग करने की अपील की ताकि दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण हो सके।
आंकड़ों के मुताबिक वर्ष 2024 में जिले में 746 सड़क दुर्घटनाएँ हुईं, जिनमें 550 लोगों की मौत और 465 लोग घायल हुए। वहीं 2025 में नवंबर तक 747 दुर्घटनाएँ दर्ज की गईं, जिनमें 504 लोगों की मौत और 486 घायल हुए। ये आंकड़े सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता दर्शाते हैं।
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के दौरान जिले में जागरूकता रैली, नुक्कड़ नाटक, सड़क सुरक्षा चौपाल, वाहन जांच अभियान, स्कूल–कॉलेजों में ट्रैफिक शिक्षा, हेल्थ चेकअप कैंप, वाहन चालकों का प्रशिक्षण और प्रभात फेरी जैसे कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला प्रशासन, पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम इस अभियान को सफल बनाने में जुटी हुई है।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ट्रैफिक राँची, अपर जिला दंडाधिकारी विधि–व्यवस्था, जिला परिवहन पदाधिकारी सहित कई अधिकारी और कर्मी मौजूद थे।
राँची क्लब टीवी अपील करता है—
👉 नियम मानिए, सुरक्षित चलिए और दूसरों को भी सुरक्षित रहने के लिए प्रेरित कीजिए।

Ranchi Club Tv
Author: Ranchi Club Tv

Leave a Comment

और पढ़ें