फर्जी IAS/IPTAFS अधिकारी बनकर घूम रहा था युवक, पलामू पुलिस ने किया गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

6–7 साल से झूठी पहचान के सहारे जी रहा था जीवन, फर्जी ID और नेम बोर्ड बरामद

पलामू:- पलामू पुलिस ने एक ऐसे व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जो स्वयं को फर्जी रूप से आईएएस और IPTAFS अधिकारी बताकर लोगों को भ्रमित कर रहा था और सरकारी पद का दुरुपयोग कर रहा था। आरोपी की पहचान राजेश कुमार (35 वर्ष), पिता स्वर्गीय राम किशोर राम, निवासी ग्राम कुकही, थाना हैदरनगर, जिला पलामू के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 02 जनवरी 2026 को शाम करीब 4 बजे आरोपी अपने एक रिश्तेदार के जमीनी विवाद में पैरवी कराने के उद्देश्य से हुसैनाबाद थाना पहुँचा था। थाना प्रभारी से बातचीत के दौरान उसने स्वयं को 2014 बैच का उड़ीसा कैडर का IAS अधिकारी बताया और वर्तमान में भुवनेश्वर के खरवेला नगर में Chief Accounts Officer (CAO) के पद पर पदस्थापित होने का दावा किया।
थाना प्रभारी द्वारा जब उसकी पोस्टिंग और सेवा विवरण को लेकर गहन पूछताछ की गई, तो आरोपी के बयानों में विरोधाभास सामने आने लगा। संदेह बढ़ने पर उसने अपना बयान बदलते हुए स्वयं को IPTAFS (Indian P&T Accounts and Finance Service) का अधिकारी बताया, जिसे उसने आईएएस के समकक्ष बताया।
जाँच में खुली पोल
आरोपी के पद और पहचान पर संदेह होने पर मामले की जानकारी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, हुसैनाबाद को दी गई। प्रारंभिक जाँच में उसके गाँव के लोगों और अन्य स्रोतों से यह स्पष्ट हो गया कि आरोपी किसी भी प्रकार का सरकारी अधिकारी नहीं है।
इसके बाद आरोपी को थाना बुलाकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान वह नियुक्ति पत्र, पहचान पत्र और विभागीय दस्तावेज प्रस्तुत करने में असफल रहा। गहन जाँच में यह तथ्य सामने आया कि वह किसी भी सरकारी सेवा में नहीं है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वयं स्वीकार किया कि वह फर्जी रूप से IPTAFS अधिकारी बनकर घूम रहा था।
पिता का सपना, झूठ का सहारा
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके पिता का सपना था कि वह आईएएस अधिकारी बने। उसने UPSC की परीक्षा में चार बार प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सका। इसके बाद उसने अपने पिता, परिजनों और रिश्तेदारों से झूठ बोल दिया कि वह IPTAFS अधिकारी बन गया है और पिछले 6–7 वर्षों से फर्जी अधिकारी बनकर जीवन यापन कर रहा था।
फर्जी ID, नेम बोर्ड और कार बरामद
शारीरिक तलाशी और वाहन की तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से कई फर्जी और संदिग्ध सामान बरामद किए, जिन्हें विधिवत जप्त कर सीलबंद किया गया।
दर्ज हुआ मामला, भेजा गया जेल
इस संबंध में हुसैनाबाद थाना कांड संख्या–01/26 (दिनांक 02.01.2026) के तहत BNS की धारा 204/205/336(2)/336(3)/337/339/340(2) में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
जाँच टीम में शामिल पदाधिकारी
इस पूरे मामले की जाँच और छापामारी में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी हुसैनाबाद सहित थाना प्रभारी और अन्य पुलिस पदाधिकारी शामिल रहे।

Ranchi Club Tv
Author: Ranchi Club Tv

Leave a Comment

और पढ़ें