राँची: राँची जिला प्रशासन द्वारा समाहरणालय में हर सोमवार आयोजित होने वाले जनता दरबार के बेहतर संचालन एवं प्राप्त शिकायतों के त्वरित निष्पादन को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने की।
बैठक का विशेष फोकस भूमि संबंधित विवादों एवं अन्य समस्याओं पर रहा। उपायुक्त ने भूमि मामलों में लंबित प्रकरणों को शीघ्र निपटाने और मानक के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रांची जिले में भूमि संबंधी मामले लंबित नहीं रहने चाहिए।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, म्यूटेशन, सीएनटी/एसपीटी एक्ट से जुड़े मामलों सहित अन्य भूमि संबंधी शिकायतों का निष्पादन पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने जनता दरबार में प्राप्त शिकायतों की स्थिति, निस्तारण की प्रगति तथा भूमि मामलों में तेजी लाने के लिए आवश्यक कदमों पर क्रमवार समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जन कल्याणकारी योजनाओं एवं शिकायत निवारण में पारदर्शिता एवं जवाबदेही हर हाल में सुनिश्चित की जाए।
बैठक में उपस्थित अधिकारी: अपर समाहर्ता श्री रामनारायण सिंह, विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी श्रीमती मोनी कुमारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्री रामगोपाल पांडेय, जिला भू-बंदोबस्त पदाधिकारी, सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी श्री राजीव कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्रीमती उर्वशी पांडेय, जिला नीलाम पत्र पदाधिकारी, सभी मजिस्ट्रेट एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

उपायुक्त ने नागरिकों से अपील की कि वे जनता दरबार का अधिकतम उपयोग करें और अपनी शिकायतें निर्भीक होकर रखें। जिला प्रशासन आम जनता की हर संभव सहायता के लिए प्रतिबद्ध है।
★ अबुआ साथी – 9430328080
जन शिकायत हेतु रांची जिला प्रशासन का आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर









