वार्ड नंबर-31 को “आदर्श वार्ड” बनाने का संकल्प : अमृतेश कुमार पाठक ने पेश की विकास कार्ययोजना

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रांची:

रांची नगर निगम के वार्ड नंबर-31 को एक “आदर्श वार्ड” के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से सामाजिक कार्यकर्ता अमृतेश कुमार ‘पाठक’ ने अपनी दृष्टि, लक्ष्य और कार्ययोजना सार्वजनिक की है। उनका कहना है कि वार्ड का विकास जनभागीदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही के आधार पर किया जाएगा, ताकि जनता की प्राथमिक जरूरतों के अनुसार काम हो और गुणवत्ता से कोई समझौता न हो।

मोहल्ला सभा से होगा विकास का फैसला

अमृतेश कुमार पाठक के अनुसार वार्ड में भौगोलिक व जनसांख्यिकी आधार पर मोहल्ला सभाओं का गठन किया जाएगा। किसी भी निर्माण या विकास कार्य को प्राथमिकता के आधार पर मोहल्ला सभा ही चयन करेगी, ताकि विकास “ऊपर से नहीं, नीचे से” तय हो सके।

सोशल ऑडिट टीम करेगी निगरानी, भ्रष्टाचार पर लगेगा अंकुश

उन्होंने बताया कि वार्ड में 5 सदस्यीय Social Audit Team बनाई जाएगी, जो निर्माण/विकास कार्यों का निरीक्षण, जांच और नियंत्रण करेगी। टीम का लक्ष्य भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी को रोकना और काम की गुणवत्ता, पारदर्शिता व जवाबदेही सुनिश्चित करना होगा।

महिला-युवा सशक्तिकरण और वार्ड स्तर पर समितियां

योजना के तहत हर मोहल्ला सभा में महिला समिति, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता समिति, सुरक्षा समिति और शिक्षा समिति जैसी उप-समितियों का गठन किया जाएगा। इनके कार्य और जिम्मेदारियां तय की जाएंगी, ताकि हर क्षेत्र में लगातार काम हो सके।

सुरक्षा के लिए CCTV, रोशनी और “सुरक्षा मित्र”

वार्ड के चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर CCTV कैमरे लगाए जाने की बात कही गई है। साथ ही नियमित और पर्याप्त स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था होगी। चिन्हित मोहल्लों में सुरक्षा मित्र भी बनाए जाएंगे।

नशा और अपराध के खिलाफ जागरूकता अभियान

अमृतेश कुमार पाठक के अनुसार वार्ड में नशा एवं अपराध के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया जाएगा और नियंत्रण के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

हर परिवार का सर्वे, योजनाओं का 100% लाभ

वार्ड के सभी घरों/परिवारों का आर्थिक व सामाजिक सर्वेक्षण कराने की योजना है। इसके बाद पात्र और जरूरतमंद परिवारों को बिना किसी भेदभाव राशन कार्ड, वृद्धा पेंशन, मंईया सम्मान योजना, सुकन्या योजना, आवास योजना सहित केंद्र/राज्य की योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ दिलाने का दावा किया गया है।

स्वच्छता: गीला-सूखा कचरा, नियमित उठाव, फॉगिंग

योजना में बताया गया है कि हर 25 से 30 घर के बीच गीला और सूखा कचरा के लिए डस्टबिन लगाए जाएंगे। कचरे का नियमित उठाव सुनिश्चित किया जाएगा। जल-जमाव वाले क्षेत्रों में कीटनाशक छिड़काव और फॉगिंग के साथ स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

सड़क-गली-नाली निर्माण और जल निकासी व्यवस्था

वार्ड की सभी अधूरी सड़कों/गलियों/नालियों का निर्माण व पुराने ढांचे का मरम्मतिकरण कराने की बात कही गई है। नालियों की जल निकासी के लिए व्यवस्थित कार्ययोजना पर काम होगा ताकि पानी का प्रवाह बाधित न रहे।

कांके डैम की ओर जाने वाले नालों पर STP का प्रस्ताव

योजना में इन्द्रपुरी, हेसल, जनक नगर समेत चिन्हित बड़े नालों का जिक्र करते हुए कहा गया है कि जिनका पानी सीधे कांके डैम में जा रहा है, उनके मुहाने पर विभाग के साथ मिलकर STP (Sewage Treatment Plant) लगाने की दिशा में काम किया जाएगा।

कांके डैम किनारे स्थायी छठ घाट और सार्वजनिक स्थल

कांके डैम के किनारे स्थायी छठ घाट के निर्माण के साथ बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के लिए घूमने, व्यायाम, योग और खेलकूद स्थल विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है।

पेयजल, शौचालय, वार्ड सचिवालय और 24×7 सेवा

योजना में नियमित पानी सप्लाई और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है। जरूरत के अनुसार सार्वजनिक शौचालय और पानी टंकी लगाई जाएगी। इसके अलावा वार्ड में विवाह मंडप/मीटिंग हॉल/कांफ्रेंस हॉल सह वार्ड सचिवालय बनाया जाएगा, जो सेवा केंद्र की तरह काम करेगा। मरीजों के लिए 24×7 एंबुलेंस उपलब्ध कराने की भी बात कही गई है।

स्कूल, स्वास्थ्य केंद्र और धार्मिक स्थलों का विकास

वार्ड क्षेत्र के सरकारी स्कूलों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को अधिक सुविधायुक्त बनाने पर काम होगा। साथ ही वार्ड में मौजूद मंदिरों और सरना स्थलों का विकास व सौंदर्यीकरण करने और धार्मिक आयोजनों में सहयोग की बात भी कही गई है।

स्वघोषणा: 25 वर्षों से निष्कलंक जीवन का दावा

अमृतेश कुमार पाठक ने अपने स्वघोषणा पत्र में कहा है कि वे पिछले 25 वर्षों से पूरी निष्ठा, ईमानदारी और मेहनत से समाज सेवा कर रहे हैं तथा किसी भी सामाजिक, नैतिक या आर्थिक अपराध से उनका कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि उनके विरुद्ध कोई आरोप सिद्ध होता है, तो वे सामाजिक और कानूनी दंड स्वीकार करेंगे।

रांची क्लब टीवी वार्ड स्तर पर विकास से जुड़ी ऐसी ही स्थानीय खबरों को आपके लिए लगातार सामने लाता रहेगा।

Ranchi Club Tv
Author: Ranchi Club Tv

Leave a Comment

और पढ़ें