सतगावां की सामुदायिक स्वास्थ्य व्यवस्था बदहाल, ‘राम भरोसे’ चल रहा है स्वास्थ्य केंद्र – जिला परिषद नीतू कुमारी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सतगावां:

कोडरमा जिले के सुदूरवर्ती प्रखंड सतगावां की स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह वेंटिलेटर पर आ गई है। प्रखंड के एकमात्र सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में डॉक्टरों की भारी कमी के कारण स्थानीय जनता में जबरदस्त आक्रोश है।

इस गंभीर समस्या को लेकर जिला परिषद सदस्य नीतू कुमारी ने कोडरमा के उपायुक्त को पत्र लिखकर अविलंब हस्तक्षेप की मांग की है।

CHC में एक भी MBBS डॉक्टर नहीं

नीतू कुमारी के अनुसार, सतगावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में वर्तमान में एक भी एमबीबीएस डॉक्टर पदस्थापित नहीं है। बताया गया कि यहां केवल एक डॉक्टर प्रतिनियुक्त थे, जो 3 जनवरी से 8 जनवरी तक अवकाश पर हैं।

ऐसी स्थिति में पूरे प्रखंड की चिकित्सा व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई है और आम जनमानस त्राहि-माम कर रहा है। वर्तमान में संपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र केवल GNM के भरोसे चल रहा है।

जंगली-पहाड़ी इलाकों से 25 KM दूर पंचायतें

जिप सदस्य ने अपने दिसंबर 2025 के पूर्व पत्राचार का हवाला देते हुए बताया कि प्रखंड मुख्यालय से कई पंचायतें 20 से 25 किलोमीटर दूर जंगली और पहाड़ी क्षेत्रों में स्थित हैं।

सांप-बिच्छू के डंक, भालू के हमले या सड़क दुर्घटना में घायल लोग बड़ी उम्मीद लेकर इस स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचते हैं, लेकिन यहां आधे-अधूरे प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें कोडरमा सदर अस्पताल रेफर कर दिया जाता है।

डेढ़ घंटे की दूरी, रास्ते में तोड़ देते हैं दम

शिकायत पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि सतगावां से कोडरमा मुख्यालय पहुंचने में लगभग डेढ़ घंटे का समय लगता है।

उचित प्राथमिक इलाज और डॉक्टरों की अनुपस्थिति के कारण कई गंभीर मरीज रास्ते में ही दम तोड़ देते हैं। विशेषकर गर्भवती महिलाएं और गंभीर रूप से घायल मरीज इस बदहाल व्यवस्था का सबसे बड़ा शिकार बन रहे हैं।

चार डॉक्टरों की नियुक्ति की मांग

नीतू कुमारी ने उपायुक्त से आग्रह किया है कि सतगावां की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए यहां कम से कम चार डॉक्टरों की नियुक्ति की जाए, जिसमें एक महिला चिकित्सक अनिवार्य रूप से शामिल हों।

इसके साथ ही इंजेक्शन, आवश्यक दवाइयां और आधुनिक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराने तथा स्वास्थ्य व्यवस्था में अविलंब सुधार की मांग की गई है, ताकि लोगों की जान बचाई जा सके और सतगावां की जनता को उनका मौलिक स्वास्थ्य अधिकार मिल सके।

Ranchi Club Tv
Author: Ranchi Club Tv

Leave a Comment

और पढ़ें