राम अराध्य हैं, मर्यादा पुरुषोत्तम हैं, निर्विवाद हैं – राम राजनीति का औज़ार नहीं, आस्था का विषय हैं; मनरेगा की सच्चाई से आँखें मूँद रही भाजपा : आलोक कुमार दूबे

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

राँची।

झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के महासचिव आलोक कुमार दूबे ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के बयान पर कड़ा पलटवार करते हुए कहा कि बाबूलाल जी को “रतौंधी” हो गई है, तभी उन्हें मनरेगा का काम दिखाई नहीं दे रहा।

उन्होंने कहा कि एक समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं मनरेगा को कांग्रेस की विफलताओं का स्मारक बताते थे, और आज उसी योजना को दुनिया की सबसे बड़ी रोजगार गारंटी योजना कहने से नहीं थकते।

आलोक दूबे ने कहा कि मनरेगा केवल रोज़गार नहीं, बल्कि सामाजिक बदलाव की योजना रही है। मनरेगा में काम करने वाले मज़दूरों के बच्चों ने डॉक्टर, इंजीनियर और बड़े अधिकारी बनकर समाज में नई पहचान बनाई है।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण जीवन-शैली में सुधार, पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण—तीनों में मनरेगा की सार्थक भूमिका रही है।

आलोक दूबे ने स्पष्ट किया कि राम अराध्य हैं, निर्विवाद हैं, मर्यादा पुरुषोत्तम हैं—वे राजनीति के पात्र नहीं हैं। भाजपा बार-बार मर्यादा पुरुषोत्तम को राजनीति में घसीटकर करोड़ों लोगों की आस्था से खिलवाड़ कर रही है।

उन्होंने कहा कि जिस योजना के साथ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का नाम जुड़ा है, उसका नाम बदलना भाजपा की अविकसित सोच और मानसिकता को दर्शाता है। भाजपा अपनी कोई नई योजना लाए और उसका नाम जो चाहे रखे, लेकिन जनकल्याणकारी योजनाओं की पहचान से छेड़छाड़ न करे

आलोक दूबे ने कहा कि “जी राम जी” योजना ग्राम सभा और पंचायतों को कमजोर करने की सोची-समझी साज़िश है। ठीक उसी तरह जैसे 25 वर्षों तक भाजपा ने पेसा नियमावली को झारखंड में ज़मीन पर उतरने नहीं दिया।

उन्होंने आरोप लगाया कि इस योजना का क्रियान्वयन केंद्रीय ढांचे से होगा, जिससे स्थानीय ज़रूरतें नज़रअंदाज़ होंगी। बरसात के मौसम में काम न मिलने से पलायन की समस्या और बढ़ेगी।

उन्होंने यह भी कहा कि बायोमेट्रिक हाज़िरी, मोबाइल अनिवार्यता और जियो-फेंसिंग जैसी तकनीकी जटिलताओं में उलझाकर मनरेगा कर्मियों को रोज़गार से वंचित किया जा रहा है।

आलोक कुमार दूबे ने बताया कि 7 जनवरी को मनरेगा बचाने को लेकर एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की जा रही है, जिसमें आगामी संघर्ष की रणनीति तय की जाएगी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस मनरेगा और ग्रामीण अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष जारी रखेगी।

Ranchi Club Tv
Author: Ranchi Club Tv

Leave a Comment

और पढ़ें