उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने जनता दरबार में सुनी आमजन की समस्याएं, त्वरित निष्पादन के दिए निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

राँची :

उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, राँची श्री मंजूनाथ भजंत्री ने आज दिनांक 06 जनवरी 2026 को समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में आम जनता से मिलकर उनकी शिकायतें एवं समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को प्राप्त शिकायतों के त्वरित, समयबद्ध एवं पारदर्शी निष्पादन हेतु आवश्यक निर्देश दिए।

उपायुक्त ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जनता दरबार के दौरान मुख्य रूप से भूमि संबंधी विवाद, भूमि उपयोग की अनुमति (परमिशन) एवं अन्य विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें प्राप्त हुईं। उपायुक्त ने सभी फरियादों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को मौके पर ही निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का निष्पादन तय समय सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए।

उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य आमजन तक सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं को सहज एवं प्रभावी ढंग से पहुँचाना है। जनता दरबार जैसे कार्यक्रम प्रशासन और नागरिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का सशक्त माध्यम हैं, जिससे समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो पाता है।


राष्ट्रीय जतरा महोत्सव के आयोजन को लेकर उपायुक्त से मिला प्रतिनिधि मंडल

इस दौरान राष्ट्रीय जतरा महोत्सव के आयोजकों के प्रतिनिधि मंडल ने उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, राँची श्री मंजूनाथ भजंत्री से मुलाकात की और उन्हें एक ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधियों ने बताया कि विगत कई वर्षों से रांची के ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में आयोजित हो रहे इस महोत्सव के माध्यम से आदिवासी समाज की प्राचीन परंपराओं, रीति-रिवाजों, लोककला एवं सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण एवं संवर्धन किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि इस महोत्सव में झारखंड सहित देश के विभिन्न राज्यों से आदिवासी कलाकार एवं खोड़ा दल भाग लेते हैं और अपनी पारंपरिक कला, संस्कृति एवं सामाजिक एकता का जीवंत प्रदर्शन करते हैं। यह आयोजन आने वाली पीढ़ियों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का सशक्त माध्यम है।

प्रतिनिधि मंडल ने उपायुक्त से विनम्र अनुरोध किया कि राष्ट्रीय जतरा महोत्सव के आयोजन हेतु 31 जनवरी से मोरहाबादी मैदान आवंटित किया जाए, ताकि यह सांस्कृतिक कार्यक्रम शांतिपूर्ण, गरिमामय एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। इस पर उपायुक्त ने उनके अनुरोध पर विचार करने का आश्वासन दिया।


★ अबुआ साथी – 9430328080
जन शिकायत हेतु रांची जिला प्रशासन का आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर

Ranchi Club Tv
Author: Ranchi Club Tv

Leave a Comment

और पढ़ें