राँची
जगरनाथपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रिलायंस जियो पेट्रोल पंप पर 31 दिसंबर 2025 की देर रात हुई एक दिल दहला देने वाली घटना में युवक की जान चली गई। तेल भराने के दौरान हुई मामूली टक्कर के बाद गुस्से में आकर ओमनी वैन सवारों ने स्कूटी सवार युवक को जानबूझकर कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 31 दिसंबर 2025 को रात करीब 11:45 बजे ओमनी वैन (रजिस्ट्रेशन नंबर JH01BT-…….) ने स्कूटी (रजिस्ट्रेशन नंबर JH01FS-…..
) में टक्कर मार दी। इसके बाद ओमनी वैन के चालक व उसमें सवार 5–6 लोगों और स्कूटी सवार विवेक तिर्की के बीच कहासुनी हो गई।
कहासुनी के दौरान ओमनी वैन सवारों ने जानबूझकर विवेक तिर्की को धक्का देकर गिरा दिया और फिर उस पर वैन चढ़ाकर मौके से फरार हो गए। इस घटना में विवेक तिर्की गंभीर रूप से घायल हो गया।
पेट्रोल पंप कर्मियों और पुलिस गश्ती दल की मदद से घायल विवेक तिर्की को पहले डोरंडा अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गई।
इस मामले में मृतक के पिता फुलचंद तिर्की के लिखित आवेदन के आधार पर जगरनाथपुर थाना कांड संख्या 01/26 (दिनांक 01.01.2026) दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 125(ए), 125(बी), 105 एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन में पुलिस उपाधीक्षक हटिया के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। तकनीकी अनुसंधान और प्राप्त सूचनाओं के आधार पर ओमनी वैन मालिक के पुत्र अली जोहेब (उम्र लगभग 23 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस पूछताछ में अली जोहेब ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है और वैन चालक सहित अन्य आरोपियों के नाम भी बताए हैं। पुलिस द्वारा अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
जप्त सामान
मारुति ओमनी वैन
गिरफ्तार आरोपी
अली जोहेब, उम्र लगभग 23 वर्ष
पिता – परवेज अख्तर
पता – कुम्हार टोली, सेकेंड लेन, पुरुलिया रोड
थाना – लोअर बाजार, जिला – रांची
छापामारी टीम में शामिल
🔴प्रमोद कुमार मिश्रा, पुलिस उपाधीक्षक, हटिया
🔴दिग्विजय सिंह, पु०नि० सह थाना प्रभारी, जगरनाथपुर
🔴सत्यवीर सिंह, पु०अ०नि०
🔴पंकज कुमार, पु०अ०नि०
🔴संतोष कुमार सिंह, पु०अ०नि०
🔴जगरनाथपुर थाना सशस्त्र बल
पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।









