राँची में SC/ST अधिकारों पर राष्ट्रीय कार्यशाला ! जस्टिस के.जी. बालकृष्णन करेंगे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

राँची:- झारखंड की राजधानी रांची में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (SC/ST) समुदायों के संवैधानिक अधिकारों और जमीनी चुनौतियों पर केंद्रित एक विशेष राष्ट्रीय कार्यशाला आयोजित होने जा रही है। यह महत्वपूर्ण कार्यक्रम 14 मार्च 2026, शनिवार को नए विधानसभा परिसर के सभागार में आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश एवं राष्ट्रीय अनुसूचित जाति-जनजाति आयोग के अध्यक्ष जस्टिस के.जी. बालकृष्णन उपस्थित रहेंगे। कार्यशाला का उद्देश्य केवल चर्चा तक सीमित नहीं है, बल्कि उन वास्तविक बाधाओं की पहचान करना है जो SC/ST समुदायों के समग्र विकास में अवरोध बन रही हैं।

आयोजकों के अनुसार, यह मंच नीति निर्माताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, विधि विशेषज्ञों और जनप्रतिनिधियों को एक साथ लाकर ठोस समाधान खोजने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। खिजरी विधायक राजेश कच्छप ने भी इस कार्यक्रम को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए अधिकाधिक भागीदारी की अपील की है।

चर्चा के लिए प्रस्तावित प्रमुख मुद्दे

  • संवैधानिक सुरक्षा उपायों के क्रियान्वयन में कमी
  • भूमि हस्तांतरण (एलियनेशन) और आदिवासी भूमि कानूनों का उल्लंघन — CNT Act, SPT Act और PESA
  • सरकारी सेवाओं एवं निर्णय-प्रक्रिया में आदिवासियों का अल्प प्रतिनिधित्व
  • शिक्षा क्षेत्र में उच्च ड्रॉपआउट दर और गुणवत्ता में अंतर
  • आदिवासियों के खिलाफ अत्याचार और न्याय वितरण प्रणाली की कमजोरी
  • विकास परियोजनाओं का आदिवासी आजीविका पर नकारात्मक प्रभाव
  • विस्थापन और मानव तस्करी की बढ़ती समस्या
  • वन अधिकार अधिनियम (FRA) का धीमा और चुनिंदा कार्यान्वयन
  • स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़े खराब संकेतक
  • अनुसूचित जाति/जनजाति आयोग की भूमिका — राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर (अनुच्छेद 338 (ए))
  • भाषाई एवं सांस्कृतिक संरक्षण
  • समता जजमेंट का प्रभावी क्रियान्वयन

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि इन मुद्दों पर ठोस रणनीति बनती है तो झारखंड सहित देशभर के SC/ST समुदायों के सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक सशक्तिकरण को नई दिशा मिल सकती है।

Ranchi Club Tv
Author: Ranchi Club Tv

Leave a Comment

और पढ़ें