रांची में शुरू हुआ दिशोम गुरु शिबू सोरेन JEE-NEET कोचिंग संस्थान, उपायुक्त ने किया निरीक्षण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

राँची


माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन के दूरदर्शी नेतृत्व और सफल प्रयासों से राजधानी रांची के हिंदपीढ़ी स्थित “दिशोम गुरु शिबू सोरेन इंजीनियरिंग (JEE) एवं मेडिकल (NEET) कोचिंग संस्थान” का विधिवत उद्घाटन किया गया है। यह संस्थान झारखंड के मेधावी छात्र-छात्राओं, विशेषकर अनुसूचित जनजाति और अनुसूचित जाति वर्ग के विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक पहल के रूप में सामने आया है।
शुक्रवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने संस्थान का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कक्षाओं का जायजा लिया और यहां अध्ययनरत छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनके अनुभव और भावनाओं को जाना।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने बॉयज हॉस्टल, गर्ल्स हॉस्टल, स्टडी एवं लाइब्रेरी हॉल, बॉयज मेस, गर्ल्स मेस तथा कक्षाओं का अवलोकन किया। उन्होंने संस्थान की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि छात्र-छात्राओं को उच्च गुणवत्ता वाली सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और किसी प्रकार की असुविधा न हो।

संस्थान में अध्ययनरत विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन की इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि राज्य सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना ने उनके सपनों को नई उड़ान दी है। अब उन्हें JEE और NEET जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए राज्य से बाहर जाने की आवश्यकता नहीं होगी।

यह संस्थान झारखंड के युवाओं के लिए शिक्षा के क्षेत्र में एक नया अध्याय साबित हो रहा है। रांची में ही उच्चस्तरीय कोचिंग उपलब्ध होने से मेधावी छात्र-छात्राओं को बेहतर मार्गदर्शन मिलेगा और वे एक साथ अध्ययन कर अपने भविष्य को संवार सकेंगे।

प्रथम चरण में संस्थान में 300 से अधिक चयनित छात्र-छात्राओं को नि:शुल्क कोचिंग, आवास, भोजन एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

Ranchi Club Tv
Author: Ranchi Club Tv

Leave a Comment

और पढ़ें