अरगड़ा क्षेत्र में सीसीएल का समाधान शिविर, कर्मचारियों की शिकायतों का हुआ त्वरित निस्तारण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

राँची:- सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के निदेशालय की ओर से बुधवार को अरगड़ा क्षेत्र में कर्मचारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से एक दिवसीय समाधान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर सुबह 11:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक चला, जिसमें बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने अपनी सेवा संबंधी समस्याएं और शिकायतें प्रबंधन के समक्ष रखीं।

शिविर की अध्यक्षता समाधान प्रकोष्ठ के मुख्य प्रबंधक श्री गौतम चौधरी ने की। इस अवसर पर अरगड़ा क्षेत्र के स्टाफ अधिकारी (मानव संसाधन एवं प्रशासन) श्री राजीव कुमार, मुख्य प्रबंधक (कार्मिक) श्री तेजविंदर सिंह, वरिष्ठ प्रबंधक (मानव संसाधन एवं नोडल अधिकारी समाधान सेल) श्रीमती ऋचा टाइटस, स्टाफ अधिकारी (सिविल) सहित विभिन्न इकाइयों के मानव संसाधन अधिकारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

समाधान शिविर के दौरान कर्मचारियों ने आवास (क्वार्टर) अनुरक्षण, पदोन्नति, सेवा संबंधी लंबित मामलों तथा अन्य प्रशासनिक समस्याओं से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए। अधिकारियों ने प्रत्येक शिकायत की गंभीरता से समीक्षा करते हुए अधिकांश मामलों का मौके पर ही समाधान कर कर्मचारियों को तत्काल राहत प्रदान की।

जिन मामलों के समाधान के लिए विस्तृत प्रक्रिया या उच्च स्तर की स्वीकृति आवश्यक थी, उन्हें नियमानुसार दर्ज कर समयबद्ध कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को अग्रेषित किया गया। अधिकारियों ने कर्मचारियों को भरोसा दिलाया कि सभी लंबित मामलों का शीघ्र और पारदर्शी तरीके से निस्तारण किया जाएगा।

सीसीएल प्रबंधन का कहना है कि इस प्रकार के समाधान शिविरों का उद्देश्य कर्मचारियों और प्रबंधन के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना, शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना तथा पारदर्शी एवं उत्तरदायी कार्य संस्कृति को बढ़ावा देना है।

प्रबंधन ने दोहराया कि कर्मचारियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान संस्थान की प्राथमिकताओं में शामिल है और भविष्य में भी इस तरह के समाधान शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि कर्मचारियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी मंच उपलब्ध हो सके।

Ranchi Club Tv
Author: Ranchi Club Tv

Leave a Comment

और पढ़ें