राँची:- लोकतंत्र में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने और अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ने के उद्देश्य से YBN विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) प्रकोष्ठ द्वारा “Register as a Voter” विषय पर एक विशेष मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को निर्वाचन आयोग की डिजिटल सेवाओं से परिचित कराना तथा उन्हें समय पर मतदाता पंजीकरण के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को ECINET मोबाइल ऐप की उपयोगिता और इसकी विभिन्न सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि इस ऐप के माध्यम से नए मतदाता आसानी से ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं, अपना ई-EPIC (डिजिटल वोटर आईडी) डाउनलोड कर सकते हैं, मतदाता सूची में अपना नाम खोज सकते हैं तथा निर्वाचन से संबंधित कई महत्वपूर्ण ऑनलाइन सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं।
इस अवसर पर YBN विश्वविद्यालय की रजिस्ट्रार डॉ. दीप्ति भार्गव, डीएसडब्ल्यू डॉ. आरती गुप्ता, कॉलेज ऑफ टीचर एजुकेशन की डीन डॉ. मांडवी राय तथा एनएसएस समन्वयक डॉ. कौशल किशोर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि मतदान केवल एक अधिकार ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का महत्वपूर्ण संवैधानिक कर्तव्य भी है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती युवाओं की जागरूकता और सक्रिय भागीदारी पर निर्भर करती है।
वक्ताओं ने सभी पात्र विद्यार्थियों से अपील की कि वे समय रहते अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराएं और आगामी चुनावों में शत-प्रतिशत मतदान कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सशक्त बनाएं। साथ ही विद्यार्थियों को यह भी प्रेरित किया गया कि वे अपने परिवार, मित्रों और समाज के अन्य पात्र नागरिकों को भी मतदाता बनने के लिए जागरूक करें।
कार्यक्रम के दौरान ECINET ऐप का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को चरणबद्ध तरीके से ऐप का उपयोग करना सिखाया गया। प्रशिक्षकों ने लाइव डेमो के माध्यम से बताया कि किस प्रकार मोबाइल फोन से ही मतदाता पंजीकरण, आवेदन की स्थिति की जांच, ई-EPIC डाउनलोड तथा अन्य निर्वाचन सेवाओं का लाभ लिया जा सकता है।
विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया और निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए अधिक से अधिक लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का समापन प्रेरणादायक संदेश “Your Vote, Your Voice, Your Responsibility” के साथ किया गया। आयोजकों ने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के जागरूकता अभियान युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने तथा मतदान प्रतिशत बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।








