राँची:- झारखंड छात्र संघ ने राज्य में जेपीएससी एवं जेएसएससी द्वारा आयोजित विभिन्न नियुक्ति परीक्षाओं की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच की मांग को लेकर अपनी आवाज बुलंद की है। संगठन ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता बनाए रखने और युवाओं का भरोसा मजबूत करने के लिए सभी शिकायतों की निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
रांची स्थित अंजुमन इस्लामिया में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष एस अली ने कहा कि सरकार द्वारा 14वीं जेपीएससी सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा की जांच सीआईडी को सौंपना एक सकारात्मक कदम है। हालांकि, उन्होंने मांग की कि यदि किसी भी नियुक्ति परीक्षा में अनियमितता की आशंका है तो उसकी भी निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए ताकि योग्य अभ्यर्थियों के हित सुरक्षित रह सकें।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से अब तक जेपीएससी एवं जेएसएससी द्वारा आयोजित विभिन्न नियुक्ति परीक्षाओं, जिनमें 11वीं से 13वीं सिविल सेवा परीक्षा, झारखंड शिक्षा सेवा, सहायक लोक अभियोजन (APP), सहायक वन संरक्षक, वन क्षेत्र पदाधिकारी, खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी सहित अन्य परीक्षाएं शामिल हैं, उनकी भी आवश्यकतानुसार जांच कराई जानी चाहिए।
एस अली ने यह भी कहा कि वर्तमान में जारी विभिन्न भर्ती प्रक्रियाओं, जैसे उत्पाद सिपाही, महिला पर्यवेक्षिका, माध्यमिक आचार्य, सीजीएल, पीजीटी, टीजीटी एवं अन्य परीक्षाओं में यदि किसी प्रकार की शिकायत प्राप्त होती है तो उसकी निष्पक्ष जांच से वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी और भविष्य की नियुक्ति प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और अधिक मजबूत होगी।
झारखंड छात्र संघ ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से अपील की कि पूरे मामले की जांच हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश की निगरानी में गठित विशेष जांच दल (SIT) अथवा किसी स्वतंत्र एजेंसी से कराई जाए, ताकि सभी अभ्यर्थियों के बीच निष्पक्षता और विश्वास कायम रहे।
संगठन ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता युवाओं के भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। यदि किसी भी स्तर पर अनियमितता की शिकायतें सामने आती हैं तो उनकी समयबद्ध एवं निष्पक्ष जांच से व्यवस्था पर लोगों का विश्वास और मजबूत होगा।
प्रेस वार्ता में झारखंड छात्र संघ के केंद्रीय संगठन प्रभारी लतीफ आलम, केंद्रीय महासचिव रंजीत उरांव, मोहसिन हव्वारी, शहबाज हुसैन, नैय्यर सरताज, शंकर उरांव, छोटेलाल मुंडा, खालिद रजा, आलम अंसारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
नोट: यह समाचार प्रेस वार्ता में झारखंड छात्र संघ द्वारा रखे गए दावों एवं मांगों पर आधारित है। संबंधित मामलों की जांच एवं अंतिम निष्कर्ष संबंधित सक्षम एजेंसियों द्वारा ही तय किए जाएंगे।









