सीसीएल में SAP/ERP के HCM मॉड्यूल पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित, 70 अधिकारियों ने लिया भाग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

राँची:- सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के मानव संसाधन विकास (एचआरडी) विभाग द्वारा कर्मचारियों की क्षमता वृद्धि और डिजिटल कार्यप्रणाली को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए एमटीसी, एचआरडी में SAP/ERP के ह्यूमन कैपिटल मैनेजमेंट (HCM) मॉड्यूल पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में सीसीएल मुख्यालय एवं विभिन्न क्षेत्रों से आए लगभग 70 नोडल अधिकारियों तथा संबंधित सहायक कर्मचारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभागियों को SAP/ERP आधारित मानव संसाधन प्रबंधन प्रणाली की कार्यप्रणाली से परिचित कराना तथा इसके प्रभावी उपयोग के लिए आवश्यक तकनीकी दक्षता विकसित करना था।

कार्यक्रम का उद्घाटन महाप्रबंधक (ईई) श्री एस. के. ठाकुर, महाप्रबंधक (एचआरडी) श्री एम. एफ. हक तथा विभागाध्यक्ष (औद्योगिक संबंध) श्री पल्लब चक्रवर्ती की उपस्थिति में किया गया। प्रशिक्षण के तकनीकी सत्र का संचालन कोल इंडिया लिमिटेड के वरिष्ठ प्रबंधक (मानव संसाधन) श्री अशोक पाल ने किया।

प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए महाप्रबंधक (एचआरडी) श्री एम. एफ. हक ने कहा कि संगठन की कार्यक्षमता बढ़ाने तथा आधुनिक तकनीकों को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए एचआरडी विभाग नियमित रूप से क्षमता विकास और प्रणाली सुधार से जुड़े प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा। उन्होंने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दक्षता बढ़ाने से कर्मचारियों के कार्य निष्पादन में भी गुणवत्ता आएगी।

महाप्रबंधक (ईई) श्री एस. के. ठाकुर ने अपने संबोधन में पारदर्शिता, कार्यकुशलता तथा समयबद्ध कार्य निष्पादन सुनिश्चित करने के लिए नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रमों की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि नई तकनीकों को अपनाने और उनका बेहतर उपयोग करने से संगठन की प्रशासनिक एवं मानव संसाधन संबंधी प्रक्रियाएं अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनेंगी।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को SAP/ERP के HCM मॉड्यूल की कार्यप्रणाली का लाइव डेमो प्रस्तुत किया गया। साथ ही व्यावहारिक उदाहरणों एवं संवादात्मक चर्चा के माध्यम से विभिन्न प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई, जिससे प्रतिभागियों को प्रणाली के व्यवहारिक उपयोग को समझने का अवसर मिला।

सीसीएल का यह प्रशिक्षण कार्यक्रम संगठन में डिजिटल परिवर्तन को गति देने, मानव संसाधन प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाने तथा कर्मचारियों की तकनीकी क्षमता को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Ranchi Club Tv
Author: Ranchi Club Tv

Leave a Comment

और पढ़ें