गिरिडीह की पोषण सखियों ने 7 अगस्त के विधानसभा धरना से बनाई दूरी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को सौंपा पत्र

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गिरिडीह:- झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र 6 अगस्त 2026 से प्रारंभ होने जा रहा है। इसी क्रम में 7 अगस्त को रांची विधानसभा स्थित कुटे मैदान में प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन को लेकर गिरिडीह जिले की पोषण सखियों ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।

जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, धनबाद जिले की कुछ पोषण सखियां, जो वर्तमान में पोषण सखी के पद पर कार्यरत हैं तथा विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़ी हुई हैं, उनके द्वारा 7 अगस्त 2026 को धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जा रहा है।

गिरिडीह जिले की समस्त पोषण सखियों ने सामूहिक रूप से निर्णय लिया है कि वे इस धरना-प्रदर्शन में शामिल नहीं होंगी। उनका कहना है कि वर्तमान राज्य सरकार ने पहले उनकी नौकरी बहाल की है तथा उन्हें विश्वास है कि भविष्य में भी सरकार के माध्यम से उनके हितों एवं भविष्य को बेहतर बनाने की दिशा में सकारात्मक पहल की जाएगी।

अपने निर्णय की जानकारी देने के लिए पोषण सखियों के प्रतिनिधिमंडल ने जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, गिरिडीह को लिखित सूचना भी सौंप दी। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट किया कि वे किसी भी राजनीतिक गतिविधि से अलग रहते हुए अपने संगठन एवं कार्य के प्रति समर्पित रहना चाहती हैं।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष प्रमिला कुमारी, प्रदेश सचिव रीता दास, जिला अध्यक्ष रजिया खातून सहित अन्य पोषण सखियां उपस्थित रहीं।

प्रतिनिधिमंडल ने आशा व्यक्त की कि सरकार भविष्य में भी पोषण सखियों के हितों की रक्षा करते हुए उनके रोजगार एवं सामाजिक सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाएगी।

Ranchi Club Tv
Author: Ranchi Club Tv

Leave a Comment

और पढ़ें