रांची में चल रही 69वीं राष्ट्रीय स्कूली हॉकी U-17 (बालक/बालिका) प्रतियोगिता के पांचवें दिन झारखंड की दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची की मेजबानी में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय स्कूली हॉकी अंडर-17 बालक-बालिका वर्ग प्रतियोगिता के पांचवें दिन मुकाबले जयपाल सिंह मुंडा एस्ट्रो टर्फ हॉकी स्टेडियम, मोरहाबादी (रांची), रेलवे एस्ट्रो टर्फ हॉकी स्टेडियम, हटिया और खूंटी में खेले गए। हटिया स्थित रेलवे ग्राउंड में मैचों की शुरुआत धीरसेन ए. सोरेंग (राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी सह आयोजन सचिव) ध्यानचंद अवार्ड से सम्मानित अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी सुमराय टेटे, भारतीय हॉकी टीम की पूर्व कप्तान असुंता लकड़ा तथा पूर्व राष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी प्रकाश ठाकुर द्वारा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें शुभकामनाएं देकर की गई। प्रतियोगिता अब प्री-क्वार्टर फाइनल से आगे बढ़ते हुए क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल चरण में पहुंच चुकी है। बालक एवं बालिका वर्ग की 16–16 टीमों के बीच कड़े मुकाबलों के बाद 8–8 टीमों ने क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया और अब 4–4 टीमों ने सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है।
बालिका वर्ग ! झारखंड की बड़ी जीत
बालिका वर्ग में झारखंड की बेटियों ने एकतरफा मुकाबले में छत्तीसगढ़ को 11–0 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
वहीं मणिपुर ने पंजाब को शूटआउट में 3–2 से हराया।
उड़ीसा ने मिजोरम के खिलाफ शूटआउट में 5–2 से जीत दर्ज की,
जबकि उत्तर प्रदेश ने सीधे मुकाबले में हिमाचल प्रदेश को 3–1 से पराजित कर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
बालक वर्ग ! झारखंड भी सेमीफाइनल में
बालक वर्ग में उड़ीसा बनाम दिल्ली मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जिसमें शूटआउट में उड़ीसा ने दिल्ली को 9–8 से हराया।
वहीं मेजबान झारखंड ने मध्य प्रदेश को 5–2 से पराजित कर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
समाचार लिखे जाने तक हरियाणा बनाम चंडीगढ़ और पंजाब बनाम उत्तर प्रदेश के मुकाबले जारी थे।
सेमीफाइनल और फाइनल कब-कहां?
- तारीख: 31 जनवरी 2026
- स्थल: जयपाल सिंह मुंडा एस्ट्रो टर्फ हॉकी स्टेडियम, मोरहाबादी (रांची)
- स्थल: रेलवे हॉकी ग्राउंड, हटिया (रांची)












