महात्मा गांधी के आदर्शों को जीवन में अपनाना ही सच्ची श्रद्धांजलि: डॉ. रामेश्वर उरांव, 1001 दीपों से जगमगाया बापू वाटिका

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

राँची:- राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती की पूर्व संध्या पर रांची के मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका 1001 दीपों की रोशनी से जगमगा उठी। पब्लिक स्कूल्स एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन (पासवा) की ओर से आयोजित विशेष कार्यक्रम में महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई और उनके सत्य, अहिंसा, न्याय तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया गया।

संध्या करीब 6 बजे आयोजित कार्यक्रम में पासवा वॉलंटियर्स ने बापू वाटिका परिसर में 1001 दीप प्रज्वलित किए। दीपों की रोशनी से पूरा परिसर जगमगा उठा और बापू की आदमकद प्रतिमा के आसपास का दृश्य बेहद आकर्षक और भावपूर्ण नजर आया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित कर तथा पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम में पासवा के संरक्षक एवं झारखंड के पूर्व वित्त मंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव, राष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार दूबे, उपाध्यक्ष लाल किशोर नाथ शाहदेव, महासचिव डॉ. राजेश गुप्ता, वरिष्ठ समाजसेवी राजीव रंजन प्रसाद सहित पासवा के कई पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।

इस अवसर पर डॉ. रामेश्वर उरांव ने कहा कि महात्मा गांधी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कहा कि एक सफल राष्ट्र के निर्माण के लिए गांधी जी के सिद्धांतों में निहित साधन और साध्य दोनों की पवित्रता को अपनाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि दीपोत्सव अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ने का संदेश देता है और महात्मा गांधी का जीवन भी सत्य एवं प्रकाश के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

पासवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार दूबे ने कहा कि महात्मा गांधी के दर्शन और उनके लोकतांत्रिक मूल्यों से भारत का लोकतंत्र और मजबूत हो सकता है। उन्होंने कहा कि सत्य, अहिंसा, न्याय, सद्भाव और नागरिक अधिकारों के प्रति जागरूकता आज भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। गांधी जी के विचारों को समाज और नई पीढ़ी तक पहुंचाने की आवश्यकता है।

पासवा के उपाध्यक्ष लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि समाज के सभी वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने तथा समानता और सामाजिक समरसता को मजबूत करने के लिए महात्मा गांधी के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि गांधी दर्शन सामाजिक एकजुटता और मानवीय मूल्यों को मजबूत करने की प्रेरणा देता है।

पासवा महासचिव डॉ. राजेश गुप्ता ने कहा कि गांधी जी के विचार समाज में समानता, सद्भाव और मानवीय मूल्यों को मजबूत करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में भी गांधी जी के विचारों को समझने और उन्हें व्यवहार में उतारने की आवश्यकता है।

वरिष्ठ समाजसेवी राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि आज जिस तरह से दुनिया विभिन्न चुनौतियों से गुजर रही है, ऐसे समय में गांधी जी का अहिंसा का मार्ग पूरी दुनिया के लिए महत्वपूर्ण संदेश देता है। उन्होंने कहा कि सत्य और अहिंसा के रास्ते पर चलकर समाज और दुनिया में अमन तथा शांति को मजबूत किया जा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों से प्रेरणा लेते हुए लोकतंत्र की रक्षा का संकल्प लिया। लोगों ने संविधान, लोकतंत्र और लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा की रक्षा करने के साथ भारत की संप्रभुता, एकता एवं अखंडता के प्रति निष्ठा रखने की प्रतिबद्धता जताई।

इस दौरान प्रत्येक नागरिक के मताधिकार, स्वतंत्रता, समानता और सम्मान का आदर करने का भी संकल्प लिया गया। चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता को मजबूत करने के लिए जागरूक नागरिक की भूमिका निभाने तथा बिना भय, लालच, दबाव या भेदभाव के मतदान करने की प्रतिबद्धता दोहराई गई।

कार्यक्रम में नफरत, हिंसा, भेदभाव, अफवाह और विभाजनकारी प्रवृत्तियों का विरोध करने तथा सत्य, अहिंसा, सद्भाव और शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक संवाद के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया। साथ ही सत्ता से सवाल पूछने, अपनी बात रखने और असहमति व्यक्त करने के लोकतांत्रिक अधिकारों के सम्मान की भी प्रतिबद्धता जताई गई।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र केवल मतदान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह संविधान, नागरिक अधिकारों, जवाबदेही और जनभागीदारी की निरंतर प्रक्रिया है। लोकतंत्र को मजबूत बनाने में प्रत्येक नागरिक की अपनी भूमिका और जिम्मेदारी है।

राष्ट्र एवं लोकतंत्र की रक्षा का लिया संकल्प

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने महात्मा गांधी की पावन स्मृति में राष्ट्र एवं लोकतंत्र की रक्षा का सामूहिक संकल्प लिया। संकल्प में कहा गया कि सभी नागरिक सत्य, अहिंसा, न्याय और सद्भाव के मार्ग पर चलेंगे तथा देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए सदैव सजग रहेंगे।

लोगों ने संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करने, प्रत्येक नागरिक के अधिकार, सम्मान और स्वतंत्रता की रक्षा के लिए सजग रहने तथा नफरत, हिंसा, भेदभाव और असत्य का विरोध करने की प्रतिबद्धता जताई। साथ ही अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करने और देशहित को सर्वोपरि रखने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में पासवा के अनिकेत कुमार, मेंहुल दूबे, विशाल सिंह, रिया कुमारी, मृत्युंजय कुमार, संजय तिर्की, प्रियंका कुमारी, विशाखा कुमारी, साक्षी प्रिया, नन्दिनी कुमारी, मो. अजहर, मो. शाहिद, मो. शैफ, मो. जाबिर, मो. कैफ, मो. खालिद, अटल कुमार, आकांक्षा आनंद एवं सुशांत कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

1001 दीपों की रोशनी से सजी बापू वाटिका में आयोजित यह कार्यक्रम महात्मा गांधी के विचारों, सत्य, अहिंसा, सामाजिक सद्भाव और लोकतांत्रिक मूल्यों को याद करने के साथ नागरिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूकता का संदेश भी देता नजर आया।

Ranchi Club Tv
Author: Ranchi Club Tv

Leave a Comment

और पढ़ें