रांची:
आज दिनांक 23 जनवरी 2026, शुक्रवार, माघ शुक्ल पंचमी के पावन अवसर पर सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, धुर्वा, रांची के परिसर में ज्ञान की अधिष्ठात्री देवी माँ सरस्वती का पूजनोत्सव पूरे विधि-विधान एवं हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।
इस विद्यालय परिसर में आयोजित सरस्वती पूजा का विशेष ऐतिहासिक महत्व है। बताया गया कि माघ शुक्ल पंचमी, विक्रम संवत 2030 (सन 1973) को विद्यालय की नींव पूजनीय कमड़े बाबा के करकमलों द्वारा रखी गई थी। वर्षों से विद्यालय ने शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट योगदान दिया है। इसी कारण इस क्षेत्र में विद्यालय की सरस्वती पूजा का एक विशिष्ट स्थान माना जाता है, क्योंकि यहाँ पूजा सदैव पूर्ण श्रद्धा एवं विधि-विधान के साथ संपन्न होती रही है।
पूजन कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य श्री ललन कुमार ने वैदिक विधि-विधान से माँ सरस्वती का पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। पुष्पांजलि अर्पण के पश्चात माँ की आरती संपन्न हुई। इस अवसर पर नन्हे बच्चों का अक्षरारंभ (विद्यारंभ) संस्कार भी कराया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के भैया-बहन, आचार्यगण, शिशु विकास मंदिर समिति के माननीय पदाधिकारीगण एवं गणमान्य नागरिकों ने माँ सरस्वती की वंदना एवं आराधना पूर्ण निष्ठा के साथ की। पूजन के पश्चात प्रसाद वितरण का कार्य संपन्न हुआ।
उपस्थित गणमान्य
इस अवसर पर विद्यालय के माननीय अध्यक्ष श्री शक्तिनाथ लाल दास, माननीय मंत्री श्री अखिलेश्वर नाथ मिश्र, डॉ. धनेश्वर महतो, श्री नर्मदेश्वर मिश्र, श्री लाल अशोकनाथ शाहदेव, श्री अनिल झा, श्री आशीष नाथ शाहदेव, उप प्राचार्य सुश्री मीना कुमारी, प्रभारी श्री राकेश पांडेय एवं श्रीमती शुभश्री तिवारी, श्री कुमरेंद्र झा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।









