राँची: राज्य के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसरों की दिशा में एक अहम पहल करते हुए अनुदीप फाउंडेशन ने 29 जनवरी 2026 को रांची में एक भव्य मेगा जॉब ड्राइव का आयोजन किया। इस रोजगार मेले में अनुदीप फाउंडेशन के प्रशिक्षण कार्यक्रम को पूर्ण कर चुके 700 से अधिक युवाओं ने भाग लिया।
आयोजन के दौरान कुल 441 उम्मीदवारों का चयन किया गया, जबकि 583 उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया गया। यह आंकड़े झारखंड के युवाओं के लिए बढ़ते रोजगार अवसरों और कौशल-आधारित नियुक्ति की मजबूत होती प्रक्रिया को दर्शाते हैं।
32+ प्रतिष्ठित कंपनियों की भागीदारी
इस मेगा जॉब ड्राइव में 32 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया। इनमें टेक महिंद्रा, कॉनसेंट्रिक्स, आयुडा सॉल्यूशंस, एयरटेल, क्वेस कॉर्प, निम्बस सहित अन्य प्रमुख उद्योग शामिल रहे। कंपनियों ने युवाओं का इंटरव्यू लेकर विभिन्न पदों के लिए चयन/शॉर्टलिस्टिंग प्रक्रिया पूरी की।
मुख्य अतिथि सुधेश महतो ने की पहल की सराहना
कार्यक्रम में झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री श्री सुधेश महतो मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कौशल विकास के माध्यम से युवाओं को रोजगार से जोड़ने की अनुदीप फाउंडेशन की पहल की सराहना की और कहा कि ऐसी पहलकदमियां युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
टीम की भूमिका रही अहम
आयोजन को सफल बनाने में अनुदीप फाउंडेशन के वीपी–ऑपरेशंस तन्मय मुखर्जी, वीपी–फाइनेंस मनोज कुमार सिंह, प्लेसमेंट हेड राजू मिश्रा, रीजनल मैनेजर संजीव कुमार एवं उनकी पूरी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अनुदीप फाउंडेशन युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और सतत रोजगार उपलब्ध कराने के अपने मिशन पर निरंतर कार्यरत है।











