हजारीबाग:- सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के निदेशालय (मानव संसाधन प्रबंधन) के तत्वावधान में हजारीबाग क्षेत्र में शिकायत निवारण शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों एवं हितधारकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना तथा उनकी शिकायतों का पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से निस्तारण करना था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाप्रबंधक (मानव संसाधन/समाधान प्रकोष्ठ) श्रीमती सुमन रस्तोगी ने की। इस अवसर पर सीसीएल मुख्यालय से मुख्य प्रबंधक (समाधान प्रकोष्ठ) श्री तेजविंदर सिंह, स्टाफ अधिकारी (मानव संसाधन) श्रीमती नीलाम्बरा मालिक, उप प्रबंधक (मानव संसाधन) श्री निशांत कुमार परमार सहित मानव संसाधन विभाग के कई अधिकारी, स्टाफ अधिकारी (सिविल), अन्य विभागीय अधिकारी एवं विभिन्न यूनियनों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
प्रातः 11:00 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक चले इस विशेष शिकायत निवारण शिविर में कुल 27 शिकायतों का पंजीकरण किया गया। शिविर के दौरान कर्मचारियों एवं हितधारकों को अपनी समस्याएं सीधे संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर मिला, जिससे शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया अधिक सरल और प्रभावी बनी।

शिविर में प्राप्त शिकायतों में मुख्य रूप से अनुकम्पा नियुक्ति, आवास (क्वार्टर) अनुरक्षण, भविष्य निधि (पीएफ), पेंशन भुगतान, सीएमपीएफ से संबंधित ऑनलाइन डाटा अद्यतन तथा अन्य सेवा संबंधी विषय शामिल रहे। अधिकारियों ने कई मामलों में मौके पर ही आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई तथा कुछ शिकायतों का तत्काल समाधान भी किया।
जिन मामलों का तत्काल निस्तारण संभव नहीं हो सका, उन्हें विधिवत पंजीकृत कर नियमानुसार परीक्षण के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया है। सीसीएल प्रबंधन ने आश्वस्त किया कि सभी लंबित शिकायतों का निर्धारित प्रक्रिया के तहत शीघ्र एवं यथोचित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
सीसीएल प्रबंधन का कहना है कि इस प्रकार के शिकायत निवारण शिविर कर्मचारियों और हितधारकों के बीच विश्वास को मजबूत करने के साथ-साथ प्रशासनिक पारदर्शिता एवं जवाबदेही को भी बढ़ावा देते हैं। भविष्य में भी ऐसे शिविरों का आयोजन जारी रहेगा ताकि कर्मचारियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
सीसीएल ने दोहराया कि कर्मचारियों एवं हितधारकों की समस्याओं के त्वरित समाधान, पारदर्शी कार्यप्रणाली और उत्तरदायी प्रशासन के प्रति संस्था पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा सभी शिकायतों का निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।








