गेल गैस की सार्थक CSR पहल ! राँची में सुपर-30 सेंटर से संवर रहा आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों का भविष्य

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

राँची:- कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) केवल आर्थिक सहयोग तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के उन प्रतिभाशाली युवाओं को अवसर प्रदान करने का माध्यम भी है, जिनकी आर्थिक परिस्थितियां उनके सपनों के रास्ते में सबसे बड़ी बाधा बन जाती हैं। इसी उद्देश्य को साकार करते हुए गेल गैस लिमिटेड ने सीएसआरएल (CSRL) के सहयोग से देशभर में निःशुल्क आवासीय सुपर-30 केंद्रों की स्थापना की है, जहां आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन मेधावी विद्यार्थियों को डॉक्टर और इंजीनियर बनने का अवसर मिल रहा है।

इसी क्रम में गेल इंडिया लिमिटेड के निदेशक (एचआर) श्री आयुष गुप्ता ने रांची स्थित गेल गैस सुपर-30 केंद्र का दौरा किया। उनके साथ गेल गैस लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक श्री संजय वर्मा तथा डीजीएम (एचआर) श्री बिश्व भूषण बेहरा भी मौजूद रहे। इस अवसर पर सीएसआरएल की डायरेक्टर – बिजनेस डेवलपमेंट एंड मार्केटिंग, सुश्री मीनाक्षी शाही ने अतिथियों का स्वागत किया और संस्था द्वारा संचालित विभिन्न शैक्षणिक कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी।

रांची स्थित यह पूर्णतः निःशुल्क आवासीय केंद्र वर्तमान में 30 नीट अभ्यर्थियों को शिक्षा प्रदान कर रहा है, जिनमें 11 छात्र और 19 छात्राएं शामिल हैं। ये सभी विद्यार्थी आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आते हैं, लेकिन डॉक्टर बनकर समाज और देश की सेवा करने का सपना अपने भीतर संजोए हुए हैं।

दौरे के दौरान श्री आयुष गुप्ता ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया। उन्होंने छात्रों के पारिवारिक संघर्ष, उनकी शैक्षणिक यात्रा, भविष्य की योजनाओं और जीवन के लक्ष्यों के बारे में विस्तार से बातचीत की। विद्यार्थियों ने भी डॉक्टर बनकर ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की अपनी इच्छा साझा की। यह संवाद केवल एक औपचारिक मुलाकात नहीं बल्कि विद्यार्थियों के सपनों और उनके संघर्षों को समझने का संवेदनशील प्रयास रहा।

इस अवसर पर सुश्री मीनाक्षी शाही ने बताया कि सीएसआरएल वर्ष 2009 से आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी विद्यार्थियों को आईआईटी-जेईई एवं नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क आवासीय तैयारी उपलब्ध करा रहा है। वर्तमान में संस्था देशभर में 33 आवासीय केंद्र संचालित कर रही है, जिनमें चार केंद्र गेल समूह के सहयोग से संचालित किए जा रहे हैं।

गेल समूह के सहयोग से संचालित प्रमुख केंद्रों में कानपुर में 100 आईआईटी-जेईई अभ्यर्थी, वाराणसी में 80 छात्राएं जो डॉक्टर एवं इंजीनियर बनने की तैयारी कर रही हैं, हल्द्वानी में 50 जेईई अभ्यर्थी तथा रांची में 30 नीट अभ्यर्थियों के लिए आवासीय सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

इन सभी केंद्रों पर विद्यार्थियों को लगभग 11 माह तक पूरी तरह निःशुल्क आवास, पौष्टिक भोजन, अध्ययन सामग्री, अनुभवी शिक्षकों का मार्गदर्शन और गुणवत्तापूर्ण कोचिंग उपलब्ध कराई जाती है, ताकि आर्थिक अभाव किसी भी प्रतिभाशाली विद्यार्थी के भविष्य की राह में बाधा न बने।

श्री आयुष गुप्ता ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जब उद्योग जगत शिक्षा के क्षेत्र में निवेश करता है और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को अवसर उपलब्ध कराता है, तब उसका प्रभाव केवल एक छात्र तक सीमित नहीं रहता बल्कि पूरे परिवार, समाज और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचता है। उन्होंने कहा कि गेल गैस की यह पहल इस विश्वास का प्रतीक है कि यदि योग्य विद्यार्थियों को सही अवसर मिले तो वे देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

गेल गैस और सीएसआरएल की साझेदारी आज इस बात का उदाहरण बन चुकी है कि प्रभावी CSR केवल आर्थिक सहयोग नहीं बल्कि समाज में स्थायी परिवर्तन लाने का माध्यम है। एक ओर उद्योग जगत संसाधन उपलब्ध करा रहा है, वहीं दूसरी ओर सीएसआरएल उन संसाधनों को समाज के अंतिम छोर तक पहुंचाकर हजारों विद्यार्थियों के भविष्य को नई दिशा दे रहा है। यह पहल न केवल युवाओं के सपनों को उड़ान दे रही है बल्कि एक शिक्षित, सक्षम और संवेदनशील भारत के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

Ranchi Club Tv
Author: Ranchi Club Tv

Leave a Comment

और पढ़ें