राँची में प्रस्तावित अग्निवीर भर्ती रैली-2026 के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में भर्ती रैली के दौरान अभ्यर्थियों की सुरक्षा, चिकित्सा सुविधा, यातायात, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं को समय पर सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में अनुमण्डल पदाधिकारी सदर, सहायक समाहर्त्ता, अपर जिला दण्डाधिकारी (विधि-व्यवस्था), जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला खेल पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक सदर, पुलिस अधीक्षक (यातायात), सेना के प्रतिनिधियों सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान सेना के अधिकारी एम.के. शर्मा ने जानकारी दी कि अग्निवीर भर्ती रैली का आयोजन 1 सितंबर 2026 से प्रस्तावित है, जो लगभग 12 से 13 दिनों तक चलेगी। उन्होंने जिला प्रशासन से अनुरोध किया कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं ताकि भर्ती प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित हो सके।
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पिछले वर्ष की तरह इस बार भी सभी व्यवस्थाएं उच्च गुणवत्ता और तय समय सीमा के भीतर पूरी की जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अभ्यर्थियों की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
उन्होंने भर्ती स्थल पर व्यापक चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए पर्याप्त संख्या में एम्बुलेंस, चिकित्सकों की तैनाती, स्ट्रेचर, कूलिंग रूम तथा आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध रखने को कहा। विशेष रूप से दौड़ या अन्य शारीरिक परीक्षणों के दौरान किसी भी अभ्यर्थी की तबीयत बिगड़ने पर तत्काल उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
मौसम को ध्यान में रखते हुए उपायुक्त ने वाटरप्रूफ जर्मन शेल्टर, पर्याप्त रेस्ट एरिया, बैरिकेडिंग, आवश्यक स्थानों पर कार्पेट, बैठने की व्यवस्था तथा सुरक्षित प्रतीक्षा स्थल तैयार करने के निर्देश भी दिए।
सेना के अधिकारियों ने बताया कि अभ्यर्थियों का प्रवेश रात 12 बजे से शुरू होगा। इसे देखते हुए उपायुक्त ने पर्याप्त हाईमास्ट लाइटिंग, जेनरेटर बैकअप, एलईडी स्क्रीन, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, इंटरनेट सुविधा तथा निर्बाध विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में स्वच्छता एवं मूलभूत सुविधाओं पर भी विशेष जोर दिया गया। इसके तहत मोबाइल शौचालय, स्वच्छ पेयजल, नियमित साफ-सफाई, कचरा निष्पादन, हाइजीन-सैनिटेशन, टेंट, आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर तथा फूड एंड बेवरेज की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश संबंधित विभागों एवं रांची नगर निगम को दिए गए।
सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने भर्ती स्थल और उसके आसपास पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, नियमित पेट्रोलिंग, ट्रैफिक प्रबंधन तथा समग्र सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने और भर्ती रैली के सफल आयोजन के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
जिला प्रशासन का मानना है कि बेहतर समन्वय और समय पर तैयारियों के माध्यम से हजारों अभ्यर्थियों के लिए सुरक्षित, पारदर्शी और सुव्यवस्थित भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी।









