धुर्वा से लापता अंश-अंशिका केस ! केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने परिजनों से मुलाकात की, DGP से फोन पर की बात

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

राँची:

राँची के धुर्वा क्षेत्र में 11 दिनों से लापता दो मासूम भाई-बहन अंश और अंशिका के मामले ने राज्य में कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

इसी क्रम में केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने बच्चों के घर पहुँचकर परिजनों से मुलाकात की और पूरी घटना की जानकारी ली।

अन्नपूर्णा देवी ने अपने फेसबुक पोस्ट में लिखा कि 11 दिनों से बच्चों का सुराग नहीं मिलना राज्य की विफल कानून-व्यवस्था का स्पष्ट संकेत है।

उन्होंने बताया कि उन्होंने मौके पर झारखंड की DGP से दूरभाष पर बात की और बच्चों की माता व परिवारजनों से सीधी बातचीत भी करवाई।

स्थानीय पुलिस की कार्यशैली पर आपत्ति

केंद्रीय मंत्री ने पोस्ट में स्थानीय पुलिस की कार्यशैली पर भी कड़ी आपत्ति जताई है।
उनका कहना है कि यदि घटना के पहले 24 घंटे में आवश्यक तत्परता दिखाई गई होती, तो संभवतः आज यह स्थिति नहीं बनती।
साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि लापरवाही किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है और जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।

पुलिस मुख्यालय के पास घटना, फिर भी सुराग नहीं

पोस्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि जिस स्थान पर घटना हुई, वहाँ से कुछ ही किलोमीटर की दूरी पर राज्य का पुलिस मुख्यालय है,
और मंत्रीगण तथा माननीय मुख्यमंत्री भी चंद मिनटों की दूरी पर कार्य करते हैं।
इसके बावजूद इतनी गंभीर घटना हो जाना और लंबे समय तक कोई ठोस सुराग नहीं मिलना, राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है।

“परिवार के साथ मजबूती से खड़ी हूं”

अन्नपूर्णा देवी ने अपने पोस्ट में कहा कि वे पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी हैं और
बच्चों की सकुशल बरामदगी तथा परिवार को न्याय मिलने तक हरसंभव प्रयास जारी रहेंगे।

नोट: यह खबर केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी के सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। रांची क्लब टीवी पुलिस जांच/दावों की स्वतंत्र पुष्टि का दावा नहीं करता।
किसी के पास बच्चों से जुड़ी पुख्ता जानकारी हो तो निकटतम थाना/पुलिस को तुरंत सूचित करें।

 

Ranchi Club Tv
Author: Ranchi Club Tv

Leave a Comment

और पढ़ें