राँची
झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) अपने पार्टी कार्यकर्ताओं और आंदोलनकारियों के सुख-दुख में हमेशा उनके साथ खड़ी है। कार्यकर्ताओं की समस्याओं का समाधान पार्टी की पहली प्राथमिकता है। यह बातें सोमवार को झामुमो महासचिव विनोद पांडेय ने कही।
श्री पांडेय बुंडू से आए पार्टी कार्यकर्ताओं, आंदोलनकारियों और स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक पार्टी की असली ताकत उसके कार्यकर्ता होते हैं और संगठन को मजबूत बनाने में उनकी भूमिका सबसे अहम है।
इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में संगठन की मजबूती को लेकर कार्यकर्ताओं से विस्तार से चर्चा की और उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। बुंडू से आए कार्यकर्ताओं ने पार्टी के कैंप कार्यालय में अपनी विभिन्न समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। वहीं आंदोलनकारियों और स्थानीय लोगों ने भी अपनी मांगें और सुझाव उनके समक्ष रखे।
विनोद पांडेय ने सभी को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं को सरकार तक पहुंचाया जाएगा और समाधान के लिए ठोस पहल की जाएगी।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार झारखंड के बहुमुखी विकास के लिए लगातार काम कर रही है। समाज के हर वर्ग की उन्नति और प्रगति सरकार की प्राथमिकता है। युवाओं के लिए रोजगार और नौकरी के नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं, वहीं महिलाओं को मईंया सम्मान योजना के माध्यम से सशक्त किया जा रहा है।









