कैंब्रियन पब्लिक स्कूल में कंपोजिट स्किल लैब ‘असीमो’ की स्थापना, उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव ने किया उद्घाटन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

राँची:- राँची के कांके रोड स्थित कैंब्रियन पब्लिक स्कूल में मंगलवार को कंपोजिट स्किल लैब ‘असीमो’ का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि झारखंड सरकार के उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव, विशिष्ट अतिथि सीसीएल की महाप्रबंधक (सिस्टम) श्रीमती विभा उरांव, आईआईएम रांची के फैकल्टी प्रोफेसर (डॉ.) अमित सचान, विद्यालय की निदेशक सह प्राचार्या श्रीमती परमजीत कौर, श्रीमती आनंदमयी सिंह और विद्यालय प्रबंधन के सचिव श्री कुणाल कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से लैब का उद्घाटन किया।

रोबोटिक्स, नवाचार और भावी प्रौद्योगिकी पर आधारित ‘असीमो’ कंपोजिट स्किल लैब को विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक कौशल से जोड़ने के उद्देश्य से स्थापित किया गया है। इस प्रयोगशाला में विद्यार्थियों को रोबोटिक्स, कोडिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सहित कई आधुनिक एवं उपयोगी तकनीकी कौशल का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।

उद्घाटन के अवसर पर उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव ने कहा कि तकनीकी जानकारी और कौशल झारखंड के बच्चों को देश और विदेश में अलग पहचान दिलाने में मदद करेगा। उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा से विकास और रोजगार के नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त हो सकता है। मंत्री ने यह भी कहा कि बच्चों की प्रगति से शिक्षकों का मनोबल बढ़ता है।

विद्यालय की निदेशक सह प्राचार्या श्रीमती परमजीत कौर ने कहा कि बच्चों के कौशल और प्रतिभा को निखारने के साथ उनकी उत्कृष्टता को पोषित करना विद्यालय का दायित्व है। उन्होंने कहा कि ‘असीमो’ कंपोजिट स्किल लैब विद्यार्थियों को नवाचार से अवगत कराने के साथ-साथ भावी प्रौद्योगिकी के लिए आधार तैयार करेगा, ताकि बदलती तकनीकी दुनिया से बच्चे अनजान न रहें।

उन्होंने बताया कि कंपोजिट स्किल लैब राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के प्रावधानों पर आधारित है और सीबीएसई के पाठ्यक्रम का हिस्सा है। लैब के माध्यम से विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक और कौशल आधारित शिक्षा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

विद्यालय प्रबंधन के सचिव श्री कुणाल कुमार सिंह ने कहा कि कंपोजिट स्किल लैब बच्चों में व्यावहारिक शिक्षा और कौशल विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीकी चुनौतियों के लिए तैयार करने में सहायक होगी।

कंपोजिट स्किल लैब की स्थापना को लेकर विद्यार्थियों और अभिभावकों में भी उत्साह और जिज्ञासा देखने को मिली। अभिभावकों ने इसे आधुनिक शिक्षा पद्धति का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।

कार्यक्रम में इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल के पूर्णेन्दु शंकर, आइडल इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल की मंजू बग्गा, इन्फोबेल्ज प्ले स्कूल की संगीता सिंह सहित विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य, तकनीकी विशेषज्ञ, अभिभावक, शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।

Ranchi Club Tv
Author: Ranchi Club Tv

Leave a Comment

और पढ़ें