रांची में तीन दिवसीय लघु उद्योग मेले का शुभारंभ, 49 स्टॉल बने आकर्षण का केंद्र

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

राँची:- रांची के रेडिसन ब्लू होटल में भव्य आनंद शक्ति पीठ वेलफेयर ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय लघु उद्योग शिविर एवं मेले का भव्य शुभारंभ किया गया। उद्घाटन समारोह में रांची की मेयर रौशनी खलखो, उपमहापौर नीरज कुमार, एमएसएमई के निदेशक इंद्रजीत यादव, ट्रस्ट की संस्थापिका भावना प्रिया तथा छात्र क्लब प्रौद्योगिकी मंच (यूनिट, छात्र क्लब ग्रुप) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिव किशोर शर्मा सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे ट्रस्ट के उपाध्यक्ष प्रियांशु वैभव ने बताया कि मेले में लगभग 49 स्टॉल लगाए गए हैं, जहां लघु उद्योगों से जुड़े उद्यमी अपने उत्पादों और सेवाओं का प्रदर्शन कर रहे हैं। यह शिविर 16 जून तक आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य लघु उद्योगकर्मियों को उनके व्यवसाय के विकास, नए अवसरों और केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित लाभकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना है। कई उद्यमी जानकारी के अभाव में उपलब्ध सुविधाओं का लाभ नहीं उठा पाते हैं। ऐसे में एमएसएमई के विशेषज्ञ और अधिकारी उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।

आयोजकों के अनुसार यह शिविर छोटे और मध्यम उद्यमियों के लिए सीखने, नेटवर्किंग करने और अपने व्यवसाय को नई दिशा देने का एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा। मेले में आम लोगों के लिए प्रवेश पूरी तरह नि:शुल्क रखा गया है, जिससे अधिक से अधिक लोग स्थानीय उत्पादों और उद्यमियों के प्रयासों से परिचित हो सकें।

कार्यक्रम को सफल बनाने में आदित्य कुमार महतो, मयंक कुमार, शुभांगी सिंह सहित ट्रस्ट एवं आयोजन समिति के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Ranchi Club Tv
Author: Ranchi Club Tv

Leave a Comment

और पढ़ें