राँची:- राँची में हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) की आगामी 5 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाली राज्य परिषद् बैठक की तैयारियों को लेकर मंगलवार को एक महत्वपूर्ण समीक्षा एवं रणनीतिक बैठक आयोजित की गई। यह बैठक रांची स्थित मोमेंट्स रिसॉर्ट में होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों के मद्देनज़र बुलाई गई थी। बैठक की अध्यक्षता पार्टी के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव राजेश पांडेय ने की।
बैठक के दौरान राज्य परिषद् बैठक की रूपरेखा, कार्यक्रम संचालन, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां, अतिथियों के स्वागत, संगठन विस्तार तथा सदस्यता अभियान सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही झारखंड में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और युवाओं को पार्टी से जोड़ने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया।
पार्टी नेताओं ने जानकारी दी कि 5 जुलाई को आयोजित होने वाली राज्य परिषद् बैठक की अध्यक्षता हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार सरकार के मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन करेंगे। इस बैठक में संगठन की आगामी कार्ययोजना, सदस्यता अभियान और संगठन विस्तार को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाने की संभावना है।
युवा प्रदेश अध्यक्ष हरे कृष्ण महाराज ने कहा कि पार्टी के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता आगामी कार्यक्रम को लेकर उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड में पार्टी लगातार अपने संगठन को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है और राज्य परिषद् की यह बैठक संगठन के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर साबित होगी। उन्होंने सभी जिला एवं प्रखंड इकाइयों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील भी की।
बैठक में संगठन की मजबूती, अनुशासित कार्यशैली तथा आम जनता तक पार्टी की विचारधारा पहुंचाने पर विशेष बल दिया गया। साथ ही युवाओं, किसानों, मजदूरों, महिलाओं और वंचित समाज से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का संकल्प भी दोहराया गया।
इस अवसर पर कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष डब्लू महतो, झारखंड युवा संगठन सचिव शमीम अख्तर, युवा प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष जायसवाल, संरक्षक मदन मोहन प्रसाद, अशोक कुमार दीक्षित, कोडरमा जिला अध्यक्ष नीतीश राज, रांची जिला अध्यक्ष दयानंद जी तथा मीडिया प्रभारी एवं युवा प्रदेश सचिव अंकित पांडेय सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक का समापन इस विश्वास के साथ किया गया कि 5 जुलाई को आयोजित होने वाली राज्य परिषद् बैठक झारखंड में हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) के संगठनात्मक विस्तार और आगामी राजनीतिक गतिविधियों को नई दिशा देने का काम करेगी।









