बाबूलाल मरांडी छात्रों को गुमराह करने के बजाय अदालत के फैसले का सम्मान करें : आलोक कुमार दूबे

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

राँची:- प्रदेश कांग्रेस कमिटी के महासचिव आलोक कुमार दूबे ने नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा छात्रों और युवाओं के मुद्दे पर राजनीति करने के बजाय उन्हें गुमराह करना बंद करे। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार ने छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से लिया है और सरकार द्वारा उठाए गए कदम इसी प्रतिबद्धता का प्रमाण हैं।
आलोक दूबे ने कहा कि छात्रों के आंदोलन के बाद राज्य सरकार ने परीक्षा व्यवस्था और नियुक्तियों से जुड़े मामलों को गंभीरता से लेते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। सरकार ने जांच की प्रक्रिया शुरू की है, दोषियों को चिन्हित करने और व्यवस्था में सुधार की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं। ऐसे में भाजपा द्वारा हर मामले को राजनीतिक रंग देना छात्रों के हित में नहीं है।उन्होंने कहा कि बाबूलाल मरांडी जिस तरह से अधिकारियों और मजिस्ट्रेट के घेराव की धमकी दे रहे हैं, वह लोकतांत्रिक व्यवस्था और कानून के शासन के प्रति भाजपा की सोच को उजागर करता है। यदि किसी घटना में कानून का उल्लंघन हुआ है तो पुलिस अपना काम करेगी और जांच के आधार पर कार्रवाई होगी। किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जा सकती।

प्रदेश कांग्रेस महासचिव ने कहा कि 21 अगस्त की घटना को लेकर यदि किसी छात्रा के साथ दुर्व्यवहार हुआ है तो उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषी चाहे किसी भी दल या संगठन से जुड़ा हो, उसके खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई होनी चाहिए। लेकिन किसी घटना को आधार बनाकर राजनीतिक टकराव पैदा करना और प्रशासन को धमकी देना उचित नहीं है।

आलोक दूबे ने कहा कि भाजपा को यह भी स्पष्ट करना चाहिए कि छात्रों की समस्याओं के समाधान के लिए उसने अपने शासनकाल में क्या ठोस कदम उठाए थे। आज जब हेमंत सोरेन सरकार छात्रों की मांगों को सुन रही है, परीक्षाओं की व्यवस्था में सुधार कर रही है और अनियमितताओं की जांच करा रही है, तब भाजपा को इसमें भी राजनीति दिखाई दे रही है।

उन्होंने कहा कि छात्रों को किसी के राजनीतिक एजेंडे का मोहरा बनने की जरूरत नहीं है। सरकार ने जो निर्णय लिए हैं, उनकी प्रक्रिया संस्थागत और कानूनी तरीके से आगे बढ़ रही है। न्यायालय में जो भी मामला है, उसका फैसला न्यायिक प्रक्रिया के तहत होगा और सरकार कानून का सम्मान करेगी।

आलोक दूबे ने कहा कि झारखंड के छात्र और युवा समझदार हैं। वे यह भी देख रहे हैं कि कौन उनके भविष्य के लिए गंभीरता से काम कर रहा है और कौन उनकी भावनाओं का इस्तेमाल राजनीतिक लाभ के लिए कर रहा है। भाजपा को छात्रों को भड़काने और प्रशासन को धमकाने के बजाय सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार छात्रों और युवाओं के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। जांच में किसी भी स्तर पर दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और परीक्षा एवं नियुक्ति व्यवस्था को पारदर्शी एवं विश्वसनीय बनाने की दिशा में सरकार हर आवश्यक कदम उठाएगी।

Ranchi Club Tv
Author: Ranchi Club Tv

Leave a Comment

और पढ़ें