राँची:- झारखंड प्रदेश वैश्य मोर्चा के तृतीय महाधिवेशन को सफल बनाने को लेकर संगठन की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। 30 और 31 अक्टूबर को कांके में प्रस्तावित दो दिवसीय महाधिवेशन की सफलता को लेकर शुक्रवार से ‘झंडा लगाओ अभियान’ की शुरुआत की गई। अभियान के तहत केंद्रीय पदाधिकारियों एवं तैयारी समिति के सदस्यों ने अपने-अपने घरों के ऊपर वैश्य मोर्चा का पीला झंडा लगाकर महाधिवेशन को सफल बनाने का संकल्प लिया।
वैश्य मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष महेश्वर साहु ने भुरकुंडा स्थित अपने आवास पर संगठन का झंडा लगाया। वहीं कार्यकारी अध्यक्ष हीरानाथ साहु ने सुकुरहुट्टू ग्राम स्थित आवास पर झंडा लगाया। केंद्रीय उपाध्यक्ष अधिवक्ता परशुराम प्रसाद ने मोरहाबादी, उप प्रधान महासचिव अशोक गुप्ता ने ओरमांझी, संगठन महासचिव जगदीश साहु ने लोहरदगा और अनिल वैश्य ने पंडरा स्थित आवास पर झंडा लगाया।
इसके अलावा हजारीबाग जिलाध्यक्ष महेंद्र साहु ने हेसालौंग तथा रामगढ़ जिलाध्यक्ष राजकुमार केशरी ने कुजू स्थित अपने आवास पर वैश्य मोर्चा का झंडा लगाया। संगठन के अनुसार, इसी तरह कई अन्य पदाधिकारियों ने भी अपने-अपने घरों के ऊपर पीला झंडा लगाकर महाधिवेशन को सफल बनाने का संकल्प लिया।
‘पीला झंडा वैश्य समाज की शान और सुरक्षा का प्रतीक’
इस अवसर पर केंद्रीय अध्यक्ष महेश्वर साहु ने कहा कि वैश्य मोर्चा का पीले रंग का झंडा वैश्य समाज की शान और सुरक्षा का प्रतीक है। उन्होंने दावा किया कि झारखंड में वैश्य समाज की आबादी करीब 40 प्रतिशत है और यह समाज एक बड़ी राजनीतिक शक्ति भी है।
महेश्वर साहु ने कहा कि झारखंड अलग राज्य के आंदोलन में वैश्य समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनके अनुसार, अलग राज्य बनने के बाद वैश्य समाज के साथ धोखा और अन्याय होता रहा है। उन्होंने कहा कि वैश्य मोर्चा इसी धोखे और अन्याय के खिलाफ तथा अपने अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष कर रहा है।
30-31 अक्टूबर का महाधिवेशन महत्वपूर्ण: महेश्वर साहु
महेश्वर साहु ने कहा कि 30 और 31 अक्टूबर को कांके में आयोजित होने वाला तृतीय महाधिवेशन वैश्य समाज के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने बताया कि महाधिवेशन में देश के कई राज्यों से वैश्य समाज के नेताओं को आमंत्रित किया जा रहा है और इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
संगठन की ओर से महाधिवेशन की तैयारियों को लेकर विभिन्न स्तरों पर अभियान चलाने की बात कही गई है। ‘झंडा लगाओ अभियान’ को भी इसी तैयारी का हिस्सा बताया गया है।









