राँची:- महावीर जयंती के पावन अवसर पर रांची नगर निगम ने शहर में सख्ती बरतते हुए एक महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। निगम प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि दिनांक 31 मार्च 2026 को नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली सभी मांस, मछली और मुर्गा की दुकानें पूर्ण रूप से बंद रहेंगी।
नगर निगम द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, इस दिन किसी भी प्रकार की मांसाहारी वस्तुओं की खरीद-बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। प्रशासन ने यह फैसला धार्मिक आस्था और सामाजिक सौहार्द को ध्यान में रखते हुए लिया है।
अपर प्रशासक, रांची नगर निगम द्वारा जारी आदेश में यह भी स्पष्ट रूप से कहा गया है कि जो भी दुकानदार इस निर्देश का उल्लंघन करते हुए मांस, मछली या मुर्गा की बिक्री करते पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने सभी संबंधित दुकानदारों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस आदेश का पालन करें और शहर में शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
रांची नगर निगम का यह कदम हर वर्ष महावीर जयंती जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक अवसरों पर लागू किया जाता है, ताकि सभी समुदायों की भावनाओं का सम्मान सुनिश्चित किया जा सके।
इस आदेश के बाद शहर में मीट मार्केट से जुड़े व्यवसायियों के बीच हलचल देखी जा रही है, वहीं आम लोगों से भी अपील की जा रही है कि वे एक दिन के लिए इस नियम का पालन करते हुए प्रशासन का सहयोग करें।









