राँची:- सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) में सतर्कता जागरूकता अभियान–2026 के अंतर्गत गांधीनगर क्रिकेट ग्राउंड में टीम कावेरी और टीम स्वर्णरेखा के बीच मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। इस मुकाबले में टीम स्वर्णरेखा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो विकेट शेष रहते जीत दर्ज की। आयोजन का उद्देश्य खेल भावना, आपसी सौहार्द, टीम भावना और सामूहिक सहभागिता को बढ़ावा देने के साथ-साथ ईमानदारी, पारदर्शिता एवं नैतिक आचरण के महत्व को रेखांकित करना था।
मुकाबले में उत्कृष्ट गेंदबाजी का प्रदर्शन करने वाले श्री अमरेश प्रधान को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। उन्होंने अपनी गेंदबाजी से चार विकेट हासिल किए और मैच में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
इस अवसर पर CCL के मुख्य सतर्कता अधिकारी (CVO) श्री पंकज कुमार ने खिलाड़ियों के उत्साह, अनुशासन और खेल भावना की सराहना करते हुए विजेता टीम स्वर्णरेखा को बधाई दी। कार्यक्रम में निदेशक तकनीकी (संचालन) श्री चंद्र शेखर तिवारी और निदेशक (परियोजना एवं योजना) श्री अनुप हंजुरा भी उपस्थित रहे। दोनों अधिकारियों ने विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। इसके अतिरिक्त, खेल के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए श्री आदिल हुसैन को भी सम्मानित किया गया।
CCL में आयोजित इस मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मुकाबले ने कार्यस्थल पर आपसी सहयोग, सौहार्द, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया। सतर्कता जागरूकता अभियान–2026 के तहत आयोजित इस पहल ने यह भी रेखांकित किया कि ईमानदारी, पारदर्शिता और नैतिक आचरण जैसे मूल्यों को बढ़ावा देने के लिए सामूहिक सहभागिता और सकारात्मक कार्यसंस्कृति महत्वपूर्ण हैं।









