मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन पहुंचे गिरिडीह, पूर्व मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के द्वादशकर्म में हुए शामिल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गिरिडीह:- मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन आज गिरिडीह के हरसिंहरायडीह स्थित पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं स्मृति-शेष स्वर्गीय सुदिव्य कुमार सोनू के आवास पहुंचे। मुख्यमंत्री यहां आयोजित द्वादशकर्म कार्यक्रम में शामिल हुए और स्वर्गीय सुदिव्य कुमार सोनू के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।

इस दौरान मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने दिवंगत मंत्री के शोक-संतप्त परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने उनकी पत्नी, पुत्र और पुत्री से मिलकर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की तथा इस कठिन समय में परिवार को धैर्य और संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

सुदिव्य कुमार सोनू हमेशा प्रेरणा पुंज के रूप में रहेंगे: हेमन्त सोरेन

मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने स्वर्गीय सुदिव्य कुमार सोनू के निधन को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि राज्य और समाज के लिए यह एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू मंत्री रहते हुए काफी सक्रिय रहे और उनकी सक्रियता तथा व्यक्तित्व किसी से छिपा नहीं था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज और राज्य को हमेशा ऐसे लोगों की आवश्यकता रहती है, जिनमें हौसला और जुनून हो। उनके अनुसार सुदिव्य कुमार सोनू में ये सभी गुण मौजूद थे और उन्होंने लंबे समय तक राज्य के विभिन्न क्षेत्रों को दिशा देने का काम किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी भी मन यह मानने को तैयार नहीं है कि सुदिव्य कुमार सोनू अब उनके बीच नहीं हैं। उन्होंने कहा कि विधि के विधान को कोई टाल नहीं सकता और सभी को इस विधान के साथ आगे बढ़ना होता है।

दलगत भावना से ऊपर उठकर पहुंचे लोग

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि स्वर्गीय सुदिव्य कुमार सोनू के द्वादशकर्म कार्यक्रम में दलगत भावना से ऊपर उठकर विभिन्न वर्गों के लोग पहुंचे। उन्होंने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू एक ऐसे व्यक्तित्व के धनी रहे, जिन्होंने विभिन्न लोगों और वर्गों की समस्याओं को लेकर लगातार काम किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू भले ही अब उनके बीच नहीं हैं, लेकिन वे एक मिसाल और प्रेरणा के रूप में हमेशा याद किए जाएंगे। उन्होंने सभी से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करने की अपील की और कहा कि दुख की इस घड़ी में सरकार एवं सभी लोग उनके परिवार के साथ हैं।

कल्पना सोरेन ने भी दी श्रद्धांजलि

विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन ने भी स्वर्गीय सुदिव्य कुमार सोनू के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शोक-संतप्त परिजनों से मुलाकात की और अपनी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने ईश्वर से परिवार को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

बड़ी संख्या में लोग हुए शामिल

द्वादशकर्म कार्यक्रम में झारखंड सरकार के मंत्रिमंडल के अन्य सदस्य, राज्यसभा सांसद, विधायक, मुख्य सचिव श्री अविनाश कुमार, राज्य सरकार के वरिष्ठ पदाधिकारी, गिरिडीह जिला प्रशासन के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्थानीय नागरिक तथा बड़ी संख्या में समर्थक और शुभचिंतक शामिल हुए।

सभी ने स्वर्गीय सुदिव्य कुमार सोनू को नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिवार के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की।

“सुदिव्य भैया नहीं रहते हुए भी प्रेरणा पुंज के रूप में रहेंगे।”

— हेमन्त सोरेन, मुख्यमंत्री, झारखंड

स्मृति-शेष सुदिव्य कुमार सोनू को Ranchi Club TV की ओर से भावभीनी श्रद्धांजलि। सादर नमन।

Ranchi Club Tv
Author: Ranchi Club Tv

Leave a Comment

और पढ़ें