सीसीएल मुख्यालय में सामान्य सहायक कर्मचारियों के लिए कंप्यूटर प्रशिक्षण का सफल समापन, 26 कर्मचारियों को मिला प्रमाण-पत्र

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सीसीएल मुख्यालय में सामान्य सहायक कर्मचारियों के लिए कंप्यूटर प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल समापन

रांची स्थित सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय, दरभंगा हाउस के मानव संसाधन विभाग द्वारा सामान्य सहायक कर्मचारियों के लिए आयोजित एक सप्ताह का कंप्यूटर प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य कर्मचारियों की डिजिटल दक्षता को बढ़ाना तथा उन्हें आधुनिक कार्यालयीन कार्यप्रणाली के अनुरूप तकनीकी रूप से सक्षम बनाना था।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से आए कुल 26 सामान्य सहायक कर्मचारियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों को एमएस वर्ड, एमएस एक्सेल, ऑफिस एप्लिकेशन्स, ई-ऑफिस, हिंदी एवं अंग्रेजी टाइपिंग के साथ-साथ कंपनी में उपयोग होने वाले विभिन्न डिजिटल एप्लिकेशन्स एवं ऑनलाइन प्रणालियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों को आधुनिक डिजिटल तकनीकों के प्रभावी उपयोग, कार्यालयीन दस्तावेजों के प्रबंधन तथा ऑनलाइन कार्यप्रणाली को सरल और अधिक प्रभावी बनाने से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। इससे कर्मचारियों को अपने दैनिक कार्यों को अधिक गति, दक्षता एवं गुणवत्ता के साथ संपादित करने में सहायता मिलेगी।

कार्यक्रम के समापन सह प्रमाण-पत्र वितरण समारोह में सीसी एंड पीआर विभाग के महाप्रबंधक श्री आलोक कुमार गुप्ता तथा मानव संसाधन विभाग के महाप्रबंधक श्री एम. एफ. हक सहित कंपनी के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सभी प्रतिभागियों को प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने पर प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

इस अवसर पर श्री आलोक कुमार गुप्ता ने कहा कि आज के डिजिटल युग में कंप्यूटर ज्ञान और तकनीकी दक्षता प्रत्येक कर्मचारी के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम कर्मचारियों के कौशल को निखारने के साथ-साथ संगठन की कार्यक्षमता और सेवा गुणवत्ता को भी नई दिशा प्रदान करते हैं। उनके अनुसार निरंतर सीखने की संस्कृति ही किसी भी संस्थान को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करती है।

मानव संसाधन विभाग के महाप्रबंधक श्री एम. एफ. हक ने अपने संबोधन में कहा कि सीसीएल अपने कर्मचारियों के सतत कौशल विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। बदलते कार्य परिवेश और बढ़ती डिजिटल आवश्यकताओं को देखते हुए इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम कर्मचारियों को नई तकनीकों के अनुरूप स्वयं को विकसित करने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रतिभागी प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान का उपयोग अपने दैनिक कार्यों में करेंगे और संगठन की कार्यकुशलता को और अधिक मजबूत बनाएंगे।

सीसीएल द्वारा आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम कर्मचारियों के डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। कंपनी भविष्य में भी इस प्रकार के कौशल विकास कार्यक्रमों का नियमित आयोजन कर कर्मचारियों को आधुनिक तकनीकों से जोड़ने और संगठन की कार्यक्षमता को निरंतर सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Ranchi Club Tv
Author: Ranchi Club Tv

Leave a Comment

और पढ़ें