राँची, 20 जुलाई:- पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी का अभियान बनाने की दिशा में पब्लिक स्कूल्स एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन (PASSWA) लगातार आगे बढ़ रहा है। संगठन के महत्वाकांक्षी 50 लाख वृक्षारोपण अभियान के तहत सोमवार को रांची के बूटी स्थित यूके पब्लिक स्कूल परिसर में लगभग 200 पौधे लगाए गए।
वृक्षारोपण के बाद विद्यालय द्वारा एक प्रभावशाली पर्यावरण जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में विद्यार्थियों ने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी नियमित देखभाल करने तथा हरित वातावरण के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। इस दौरान “एक छात्र–एक पौधा, हरित भविष्य की ओर एक कदम” का संदेश प्रमुखता से दिया गया।
PASSWA के राष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार दूबे ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक विद्यार्थी अपने जीवन में कम-से-कम एक पौधा लगाकर उसकी जिम्मेदारी निभाए, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और हरित वातावरण प्रदान किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि PASSWA का 50 लाख वृक्षारोपण अभियान पूरे झारखंड में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है और जनभागीदारी के माध्यम से इसे जनआंदोलन का स्वरूप दिया जा रहा है। विभिन्न विद्यालयों की सक्रिय भागीदारी इस अभियान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रही है।
यूके पब्लिक स्कूल की प्रिंसिपल डॉ. अनु ने कहा कि विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना शिक्षा का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। विद्यालय भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा ताकि बच्चे प्रकृति के संरक्षण को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बना सकें।
उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों को अपने घरों में पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। पौधों की देखभाल करते हुए समय-समय पर उनके फोटोग्राफ विद्यालय में प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों को आंतरिक मूल्यांकन प्रक्रिया में 5 से 10 अंक भी दिए जाएंगे। यह पहल बच्चों में जिम्मेदारी, अनुशासन और पर्यावरण के प्रति व्यवहारिक समझ विकसित करने की दिशा में एक अनूठा प्रयास है।
PASSWA के प्रवक्ता मेहुल दूबे ने कहा कि संगठन राज्यभर के विद्यालयों को इस अभियान से जोड़ते हुए व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम चला रहा है। आने वाले समय में और अधिक विद्यालय इस पहल से जुड़ेंगे तथा “एक छात्र–एक पौधा” मिशन को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर PASSWA ने यूके पब्लिक स्कूल की प्रिंसिपल डॉ. अनु, डायरेक्टर रूपेश कुमार तथा पूरे विद्यालय परिवार के सहयोग की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
हरियाली, जनभागीदारी और विद्यार्थियों की सकारात्मक भूमिका का यह अभियान इस बात का संदेश देता है कि छोटे-छोटे प्रयास मिलकर बड़े बदलाव की नींव रखते हैं। यदि समाज का प्रत्येक व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो स्वच्छ, सुरक्षित और हरित भारत का सपना निश्चित रूप से साकार हो सकता है।









