राँची में ट्रैफिक पुलिस का विशेष अभियान, नियम तोड़ने वालों पर बड़ी कार्रवाई
रांची में सड़क सुरक्षा को लेकर ट्रैफिक पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में रविवार, 19 जुलाई 2026 को वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) रांची के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक, यातायात रांची के नेतृत्व में शहर के सभी यातायात थाना क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान दोपहिया, चारपहिया, ऑटो तथा टोटो वाहनों की सघन जांच की गई और मोटरयान अधिनियम का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
एक दिन में 3,464 चालान
विशेष अभियान के दौरान कुल 3,464 चालान काटे गए। सबसे अधिक कार्रवाई बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों और नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने वालों पर की गई।
किस नियम में कितने चालान?
- बिना हेलमेट – 1,627
- नो पार्किंग / सड़क पर वाहन पार्क – 1,548
- रेड लाइट जंप – 92
- नो एंट्री उल्लंघन – 44
- ओवर स्पीड – 30
- पिलियन राइड नियम उल्लंघन – 18
- बिना ड्राइविंग लाइसेंस – 14
- बिना यूनिफॉर्म – 14
- अतिरिक्त यात्री – 14
- अन्य चालान – 13
- फैंसी नंबर प्लेट – 9
- गलत दिशा में वाहन चलाना – 9
- प्रदूषण प्रमाणपत्र (PUC) नहीं – 9
- सीट बेल्ट नहीं – 6
- बीमा नहीं – 4
- फिक्स्चर लाइट नियम उल्लंघन – 4
- प्रेशर हॉर्न – 4
- ब्लैक फिल्म – 2
- टो वाहन नियम उल्लंघन – 2
- ट्रिपल राइडिंग – 1
19 दिनों में 75,358 चालान
रांची ट्रैफिक पुलिस के अनुसार 1 जुलाई 2026 से 19 जुलाई 2026 तक शहर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कुल 75,358 चालान जारी किए गए हैं। लगातार चल रहे विशेष अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं को कम करना और लोगों को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक बनाना है।
फर्जी नंबर प्लेट लगाने वालों को चेतावनी
रांची ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि कोई व्यक्ति अपने वाहन पर किसी दूसरे वाहन का नंबर लगाकर सड़क पर चलता हुआ पाया जाता है, तो संबंधित वाहन को तत्काल जब्त किया जाएगा। इसके साथ ही वाहन चालक के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करते हुए जेल भी भेजा जा सकता है।
लोगों से अपील
रांची ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, वैध ड्राइविंग लाइसेंस, बीमा और प्रदूषण प्रमाणपत्र साथ रखें तथा नो पार्किंग, रेड लाइट, नो एंट्री और अन्य सभी यातायात नियमों का पालन करें। नियमों का पालन कर ही सड़क दुर्घटनाओं को कम किया जा सकता है और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकती है।









