चतरा: चतरा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार अग्रवाल के निर्देशानुसार जिले में अवैध अफीम की खेती के उन्मूलन के लिए विशेष अभियान चलाया गया, जिसमें कुल लगभग 94 एकड़ वन भूमि में की जा रही अफीम की खेती को नष्ट कर दिया गया।
अभियान के दौरान कुंदा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मरगड़ा एवं पिंजनि में करीब 07 एकड़ भूमि पर की जा रही अवैध अफीम की खेती को नष्ट किया गया। वहीं लावालौंग थाना क्षेत्र के ग्राम कोलकोले, बरहेड एवं टिकदा में लगभग 87 एकड़ भूमि में लगी अफीम की फसल को शुरुआती अवस्था में ही नष्ट कर दिया गया। यह कार्रवाई वन क्षेत्रों में की जा रही अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अवैध खेती में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान की जा रही है और उनके विरुद्ध विधि-सम्मत कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रशासन का कहना है कि ऐसे अवैध कार्यों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
चतरा पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे स्वयं अवैध अफीम की खेती न करें और न ही किसी को इस तरह की गैर-कानूनी गतिविधियों में शामिल होने दें। यदि कहीं भी अवैध खेती या मादक पदार्थों से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी मिले, तो तुरंत पुलिस को सूचित कर सहयोग करें।
पुलिस का कहना है कि जिले को नशामुक्त बनाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
Also Read: कांटाटोली–सिरमटोली कनेक्टिंग फ्लाईओवर निर्माण कार्य की प्रगति का स्थल निरीक्षण









