राजधानी रांची के प्रेस क्लब में भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में झारखंड के विभिन्न जिलों से पार्टी पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष और कार्यकर्ता शामिल हुए।कार्यक्रम के दौरान संगठन विस्तार, पंचायत चुनाव की तैयारी, बहुजन समाज के अधिकार, सामाजिक न्याय और विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।

आजाद समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष काशिफ रजा सिद्दकी ने कहा कि पार्टी लगातार बहुजन समाज को शिक्षित और संगठित करने का काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव के माध्यम से नए नेतृत्व को तैयार करने की रणनीति बनाई जा रही है ताकि आने वाले समय में पंचायत से लेकर विधानसभा और लोकसभा तक समाज की मजबूत भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।

उन्होंने दावा किया कि पार्टी ने पहले भी चुनावों में भाग लिया है और झारखंड में संगठन लगातार मजबूत हो रहा है।
उन्होंने कहा कि दलित, आदिवासी, पिछड़े, अल्पसंख्यक और वंचित समाज के मुद्दों को मजबूती से उठाने का काम संगठन कर रहा है।

वहीं भीम आर्मी के प्रदेश अध्यक्ष संजय रविराज ने कहा कि यह बैठक संगठन की समीक्षा और आगामी रणनीति तय करने के उद्देश्य से आयोजित की गई थी।
उन्होंने कहा कि झारखंड के विभिन्न जिलों में बहुजन समाज के लोगों के साथ हो रहे उत्पीड़न, जमीन विवाद, मुआवजा और सामाजिक न्याय से जुड़े मामलों पर संगठन लगातार काम कर रहा है।

उन्होंने कहा कि संगठन पंचायत चुनाव को लेकर व्यापक तैयारी कर रहा है और समाज के लोगों को संविधान, अधिकार और सामाजिक न्याय के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

बैठक में नेताओं ने आने वाले समय में आंदोलन और जनसंपर्क अभियान तेज करने की भी बात कही।
साथ ही पंचायत चुनाव में संगठन को मजबूत करने और अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ने पर जोर दिया गया।
Disclaimer:
यह समाचार विभिन्न नेताओं और संगठन के पदाधिकारियों द्वारा दिए गए बयानों एवं कार्यक्रम स्थल पर उपलब्ध जानकारी के आधार पर तैयार किया गया है।
इस खबर का उद्देश्य केवल समाचार एवं जनहित सूचना प्रदान करना है।









