राँची:- पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के विरोध में सोमवार को झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने डोरंडा स्थित भीमराव अंबेडकर चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई।


कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर “मोदी है तो दिक्कत है”, “मेलोडी खाओ, महंगाई भूल जाओ”, “झलमुरी खाओ, महंगाई भूल जाओ” और “लकड़ी-कोयला वापस लाओ” जैसे नारे लगाए। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

मीडिया से बातचीत करते हुए कांग्रेस महासचिव आलोक कुमार दूबे ने कहा कि सिर्फ 12 दिनों के भीतर पेट्रोल और डीजल की कीमतों में करीब आठ रुपये की वृद्धि कर केंद्र सरकार ने आम जनता पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया है। उन्होंने कहा कि महंगाई के कारण गरीब, मध्यम वर्ग, किसान, मजदूर और छोटे व्यापारियों का जीवन प्रभावित हो रहा है।

उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत काफी अधिक होने के बावजूद जनता पर अतिरिक्त बोझ नहीं डाला गया था, जबकि वर्तमान में अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतें अपेक्षाकृत कम होने के बावजूद लगातार मूल्य वृद्धि की जा रही है।

प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोरनाथ शहदेव ने कहा कि केंद्र सरकार जनता की समस्याओं से कट चुकी है और पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों ने रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं को महंगा कर दिया है।

प्रदेश कांग्रेस नेता डॉ. राजेश गुप्ता ने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर केंद्र सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है। वहीं राजीव रंजन प्रसाद ने आरोप लगाया कि सरकार जनहित की बजाय मुनाफाखोरी में लगी हुई है, जिससे परिवहन से लेकर रसोई तक हर क्षेत्र प्रभावित हो रहा है।

आदित्य विक्रम जायसवाल ने कहा कि देश की जनता महंगाई से परेशान है, लेकिन केंद्र सरकार संवेदनहीन बनी हुई है। शशिभूषण राय ने भी कहा कि आम आदमी पेट्रोल-डीजल की कीमतों से परेशान है जबकि सरकार सिर्फ प्रचार में व्यस्त है।

कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बढ़ी हुई कीमतों को तत्काल वापस लेने की मांग की। इस दौरान रंजीत महतो, लालजी प्रसाद, जॉन लकड़ा, मंजू देवी, राजेश कुमार, विजय कुमार, विनोद कुमार और सुषमा कुमारी सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।









