मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड कार्यालय द्वारा 6 अगस्त 2026 को जारी स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) बुलेटिन में राज्य की वर्तमान मतदाता सूची एवं सत्यापन प्रक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण आंकड़े सार्वजनिक किए गए हैं। बुलेटिन के अनुसार राज्य में ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है, जिसमें कुल 2,21,01,249 मतदाताओं के नाम शामिल हैं।
निर्वाचन विभाग ने बताया है कि मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से विभिन्न श्रेणियों के कुल 63,24,116 मतदाताओं को निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी (ERO) स्तर से सत्यापन के लिए नोटिस जारी किए जाएंगे। नोटिस प्राप्त होने के बाद संबंधित मतदाताओं को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवश्यक जानकारी एवं दस्तावेज उपलब्ध कराने होंगे।
जारी बुलेटिन के अनुसार सबसे अधिक 45,55,227 मतदाता ऐसे हैं जिनके रिकॉर्ड में तार्किक विसंगति (Logical Discrepancy) पाई गई है। इन मामलों का सत्यापन किया जाएगा ताकि मतदाता सूची में दर्ज जानकारी को सही और अद्यतन बनाया जा सके।
इसके अलावा 14,03,205 ऐसे मतदाता हैं जिनकी नो मैपिंग श्रेणी में पहचान हुई है। इन मतदाताओं का भी सत्यापन किया जाएगा। वहीं 3,65,684 मतदाताओं को जनांकिकीय सम-प्रविष्टि (Demographic Similar Entry – DSE) के आधार पर सत्यापन हेतु नोटिस भेजा जाएगा।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान समय में “अन्य” श्रेणी के अंतर्गत किसी भी मतदाता को नोटिस जारी नहीं किया गया है। हालांकि मतदाताओं द्वारा जमा किए गए Enumeration Forms की जांच अभी जारी है। यदि जांच के दौरान किसी मतदाता की पात्रता को लेकर निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी (ERO) को संदेह होता है तो संबंधित मतदाता को भी नोटिस जारी किया जा सकता है।
विभाग ने यह भी बताया कि फॉर्म-6, फॉर्म-6A, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 के माध्यम से प्राप्त आवेदनों पर भी नियमानुसार सत्यापन एवं नोटिस जारी करने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
निर्वाचन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें सत्यापन संबंधी कोई नोटिस प्राप्त होता है तो वे समय पर आवश्यक दस्तावेज एवं जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन सही एवं त्रुटिरहित रूप से किया जा सके। विभाग का कहना है कि यह पूरी प्रक्रिया स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी निर्वाचन व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है।
SIR Bulletin के प्रमुख आंकड़े
- ड्राफ्ट मतदाता सूची में कुल मतदाता: 2,21,01,249
- सत्यापन हेतु कुल संभावित नोटिस: 63,24,116
- नो मैपिंग श्रेणी: 14,03,205
- DSE (जनांकिकीय सम-प्रविष्टि): 3,65,684
- तार्किक विसंगति श्रेणी: 45,55,227
- अन्य श्रेणी (वर्तमान): 0









