राँची:- सेवा और समाज विकास के क्षेत्र में लगातार उत्कृष्ट कार्य कर रहे राष्ट्रीय झारखंड सेवा संस्थान के सचिव एवं झारखंड केशरी मनोज दांगी को सेवा भारती झारखंड द्वारा प्रतिष्ठित ‘सेवा सम्मान’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें बाल अधिकार, शिक्षा, रोजगार, पर्यावरण संरक्षण, किशोरी सशक्तीकरण और आजीविका जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।
रांची स्थित सेवा भारती झारखंड के प्रांतीय कार्यालय सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में झारखंड के पूर्व मुख्य सचिव ए.एन. पांडे ने सेवा भारती के अखिल भारतीय अध्यक्ष गुरु शरण जी की गरिमामयी उपस्थिति में मनोज दांगी को सम्मानित किया। समारोह में सेवा भारती के प्रांतीय पदाधिकारी, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा समाजसेवा से जुड़े अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

मनोज दांगी पिछले लगभग 27 वर्षों से जरूरतमंदों की सेवा, सामाजिक उत्थान और विकास कार्यों में निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उनके नेतृत्व में अनेक सामाजिक पहलें संचालित हुई हैं, जिनका लाभ समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचा है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद अपने संबोधन में मनोज दांगी ने कहा कि यह उनके जीवन का गौरवपूर्ण क्षण है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र और प्रदेश स्तर के सेवा कार्यों से जुड़े प्रतिष्ठित पदाधिकारियों के समक्ष सम्मानित होना उनके लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनकी जिम्मेदारियों को और बढ़ाता है तथा समाज सेवा के प्रति उनके संकल्प को और मजबूत करता है।

उन्होंने सेवा भारती झारखंड के पदाधिकारियों एवं आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने का उनका प्रयास आगे भी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जारी रहेगा।
समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने मनोज दांगी के सामाजिक योगदान की सराहना करते हुए इसे समाजसेवा के क्षेत्र में कार्यरत युवाओं और स्वयंसेवकों के लिए प्रेरणादायक बताया।









