युवाओं को नशामुक्ति और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने पर जोर
रांची/खूंटी:- हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष हरे कृष्ण महाराज ने युवाओं को नशे से दूर रहने, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक होने और देश के सामाजिक एवं राजनीतिक विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति को सकारात्मक दिशा देकर नशामुक्त, हरित और विकसित भारत का निर्माण किया जा सकता है।
हरे कृष्ण महाराज ने 9 अगस्त 2026 को पटना स्थित होटल पनाश काउटिल्य में आयोजित पार्टी के युवा प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में हिस्सा लिया था। बैठक में भारत सरकार के MSME मंत्री, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और पार्टी के संस्थापक जीतन राम मांझी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह बिहार सरकार के मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता युवा प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष कमाल परवेज ने की।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में संगठन के विस्तार और युवाओं को पार्टी से जोड़ने के साथ-साथ नशामुक्ति अभियान, वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण और Gen-Z के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने जैसे विषयों पर चर्चा हुई। युवाओं को सामाजिक एवं राजनीतिक मुख्यधारा से जोड़ने पर भी विशेष जोर दिया गया।
कर्रा में युवाओं से संवाद, नशे से दूर रहने की अपील
राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में मिले मार्गदर्शन को जमीनी स्तर पर लागू करने की दिशा में हरे कृष्ण महाराज ने 11 अगस्त को खूंटी जिले के कर्रा प्रखंड में युवाओं के साथ संवाद किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं को नशे से होने वाले सामाजिक नुकसान के प्रति जागरूक करते हुए नशे से दूर रहने की अपील की।
उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी ही देश का भविष्य है। खासकर Gen-Z युवाओं से उन्होंने अपील की कि वे केवल सोशल मीडिया तक सीमित न रहें, बल्कि देश और समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। उनके अनुसार युवाओं की ऊर्जा, तकनीकी समझ और नए विचारों को सकारात्मक दिशा देकर देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।
कम से कम 10 पेड़ लगाने का लिया संकल्प
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण के महत्व पर भी चर्चा हुई। हरे कृष्ण महाराज ने कहा कि पेड़ केवल पर्यावरण को सुरक्षित रखने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, जल संरक्षण और बेहतर जीवन का आधार भी हैं।
इसी क्रम में बच्चों और युवाओं के साथ नशा नहीं करने तथा कम से कम 10 पेड़ लगाने का संकल्प लिया गया। उपस्थित युवाओं ने पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।
‘युवा शक्ति केवल चुनाव की शक्ति नहीं’
हरे कृष्ण महाराज ने कहा कि पार्टी के संस्थापक जीतन राम मांझी और राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार सुमन के मार्गदर्शन में हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) झारखंड में युवाओं को संगठित करने और उन्हें सामाजिक सरोकारों से जोड़ने की दिशा में काम करेगा।
उन्होंने कहा, “युवा शक्ति केवल चुनाव की शक्ति नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति है।” उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से बचाना, पर्यावरण के प्रति जागरूक करना और उन्हें लोकतांत्रिक एवं राजनीतिक प्रक्रिया से जोड़ना संगठन की प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
बड़ी संख्या में युवा रहे मौजूद
कार्यक्रम में आशा रोज़ेलिन कुजूर और प्रतिभा तिर्की सहित सावन कुमारी, सोनी कुमारी, अंजू उरांव, अंजू कुमारी, गोयंडी कुमारी, झूलो कुमारी, मनीषा भेंगरा, मनिता भेंगरा, चंपू कुमारी, अनिशा कुमारी, सीता कुमारी, अश्मीत उरांव, नमिता कुमारी, नेहा कच्छप, अर्चना कच्छप, सुमित्रा कुमारी, अंजली लकड़ा और कृष्णा कच्छप सहित बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशामुक्ति, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जिम्मेदारी और सक्रिय राजनीतिक सहभागिता के लिए प्रेरित करना रहा। उपस्थित युवाओं ने नशे से दूर रहने, वृक्षारोपण करने और समाज एवं राष्ट्र के विकास में सकारात्मक भूमिका निभाने का संकल्प लिया।









