रांची में 2nd All India Judges Badminton Tournament 2026 का भव्य शुभारंभ

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रांची

माननीय झारखंड उच्च न्यायालय के तत्वावधान में आयोजित 2nd All India Judges Badminton Tournament 2026 का शुक्रवार को रांची में विधिवत शुभारंभ हुआ। खेलगांव स्थित ठाकुर विश्वनाथ शहदेव इंडोर स्टेडियम में आयोजित उद्घाटन समारोह में झारखंड हाईकोर्ट के माननीय मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति श्री तरलोक सिंह चौहान, न्यायमूर्ति श्री रोंगोन मुखोपाध्याय, न्यायमूर्ति श्रीमती अनुभा रावत चौधरी एवं भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान सुश्री निक्की प्रधान ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए माननीय मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति तरलोक सिंह चौहान ने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए ही नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और आपसी सहयोग को मजबूत करने का भी सशक्त माध्यम हैं। ऐसे आयोजन न्यायपालिका से जुड़े पदाधिकारियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा देते हैं।

यह राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित बैडमिंटन प्रतियोगिता 03 से 04 जनवरी 2026 तक आयोजित की जा रही है। टूर्नामेंट में देश के 09 विभिन्न उच्च न्यायालयों से आए 31 माननीय न्यायाधीश हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता का उद्देश्य न्यायपालिका के सदस्यों के बीच खेल भावना, सौहार्द और शारीरिक-मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना है।

प्रतियोगिता के दौरान मेन सिंगल्स, मेन डबल्स, वूमेन सिंगल्स और मिक्स्ड डबल्स—कुल चार श्रेणियों में मुकाबले खेले जा रहे हैं, जिनमें माननीय न्यायाधीश अपने खेल कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं।

टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए खेलगांव परिसर में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बैडमिंटन कोर्ट, खिलाड़ियों के लिए विश्राम स्थल, चिकित्सा सुविधा और सुरक्षा व्यवस्था सहित सभी आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।


उद्घाटन समारोह के दौरान प्रतियोगिता के बेहतर संचालन और उत्कृष्ट व्यवस्थाओं के लिए रांची जिला प्रशासन की सराहना की गई। इस अवसर पर न्यायमूर्ति श्री रोंगोन मुखोपाध्याय ने उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री को प्रशासनिक सहयोग एवं कुशल प्रबंधन के लिए सम्मानित किया।

Ranchi Club Tv
Author: Ranchi Club Tv

Leave a Comment

और पढ़ें