बूढ़ा पहाड़ के विकास को मिलेगी रफ्तार, गढ़वा में हाई लेवल बैठक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गढ़वा:- गढ़वा लंबे समय तक उग्रवाद से प्रभावित रहा बूढ़ा पहाड़ क्षेत्र अब विकास की नई दिशा में आगे बढ़ता नजर आ रहा है। इसी कड़ी में सोमवार को समाहरणालय सभागार में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने की।

बैठक में बूढ़ा पहाड़ एवं टेहरी पंचायत के गांवों में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए ठोस रणनीति तैयार की गई। पेयजल, सड़क, बिजली, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने के निर्देश दिए गए।

मंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि दूरस्थ और पहाड़ी क्षेत्रों तक योजनाओं का लाभ हर व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को विभागीय समन्वय के साथ तेजी से काम करने और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

सड़क निर्माण को लेकर मंत्री ने विशेष गंभीरता दिखाई। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों को बेहतर सड़क सुविधा और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलनी चाहिए। छत्तीसगढ़ क्षेत्र से जुड़े तकनीकी मुद्दों को लेकर उन्होंने स्वयं समन्वय स्थापित कर जल्द NOC दिलाने की बात कही।

शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी अहम निर्णय लिए गए। हेसारपुर में उच्च विद्यालय खोलने और कुल्ही पंचायत में हेल्थ सब-सेंटर स्थापित करने का प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया गया। साथ ही नियमित स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने पर जोर दिया गया।

आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देते हुए मंत्री ने स्थानीय लोगों को बकरी पालन, गाय पालन, दूध और अंडा उत्पादन जैसे कार्यों से जोड़ने की बात कही, ताकि ग्रामीणों की आय में वृद्धि हो सके।

बैठक में पेयजल और बिजली व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। हर घर तक स्वच्छ पानी पहुंचाने के लिए नल-जल योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने और बिजली आपूर्ति में सुधार के निर्देश दिए गए।

मंत्री ने कहा कि विकास का असली उद्देश्य तभी पूरा होगा जब उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में कई विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे और सभी ने मिलकर बूढ़ा पहाड़ क्षेत्र को विकास का नया मॉडल बनाने का संकल्प लिया।

Ranchi Club Tv
Author: Ranchi Club Tv

Leave a Comment

और पढ़ें