संवाद की मेज पर संवेदना और सड़क पर दमन—सरकार का दोहरा चरित्र उजागर : सुदेश महतो

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

राँची, 11 अगस्त 2026:- आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने विधानसभा घेराव के दौरान आंदोलनरत JPSC अभ्यर्थियों एवं छात्रों पर हुए लाठीचार्ज, वाटर कैनन के प्रयोग तथा पुलिस कार्रवाई को लेकर राज्य सरकार पर कड़ा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि “संवाद की मेज पर संवेदना और सड़क पर दमन—सरकार का यह दोहरा चरित्र अब पूरी तरह उजागर हो चुका है।”

सुदेश महतो ने कहा कि सरकार की ओर से छात्रों से संवाद के लिए तीन मंत्रियों को नामित किया गया था। मुख्यमंत्री की ओर से भी युवाओं की भावनाओं के साथ खड़े होने और उनकी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया गया था। इससे यह उम्मीद बनी थी कि सरकार युवाओं की समस्याओं को गंभीरता से समझने और उसका समाधान निकालने की दिशा में आगे बढ़ रही है।हालांकि, विधानसभा घेराव के दौरान आंदोलनरत छात्रों पर लाठीचार्ज, वाटर कैनन के इस्तेमाल, कंटीले तारों की बैरिकेडिंग और पुलिस बल के प्रयोग को लेकर सुदेश महतो ने सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि एक तरफ सरकार के प्रतिनिधि छात्रों से संवाद कर रहे हैं और दूसरी तरफ उन्हीं छात्रों के खिलाफ बल प्रयोग किया जा रहा है। उन्होंने सवाल किया कि ऐसी स्थिति में सरकार को संवेदनशील कैसे कहा जा सकता है?

घायल और आंदोलनरत छात्रों से मिले सुदेश महतो

सुदेश कुमार महतो ने मंगलवार को जयपाल सिंह स्टेडियम पहुंचकर घायल एवं आंदोलनरत छात्रों से मुलाकात की। उन्होंने छात्रों की समस्याएं और उनकी पीड़ा सुनी। सुदेश महतो के अनुसार, पुलिस कार्रवाई के बाद कई युवा अस्पताल में उपचाराधीन हैं। किसी छात्र के सिर में गंभीर चोट है तो किसी के हाथ-पैर में चोट लगी है।

उन्होंने कहा कि छात्रों को लगी चोटें केवल शारीरिक चोटें नहीं हैं, बल्कि उनके अनुसार यह सरकार की संवेदनहीनता और दमनात्मक रवैये का भी प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि घायल युवाओं के बीच व्यवस्था के प्रति आक्रोश के साथ-साथ गहरा अविश्वास और निराशा भी दिखाई दे रही है।

बापू वाटिका में आजसू नेताओं ने दिया धरना

छात्रों से मुलाकात के बाद आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ मोराबादी स्थित बापू वाटिका में महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष धरने पर बैठे। यह धरना JPSC अभ्यर्थियों और आंदोलनरत छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में किया गया।

सुदेश महतो ने कहा कि आजसू पार्टी ने शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से सरकार की कार्रवाई का विरोध दर्ज कराया है। उन्होंने कहा कि गांधीवादी मूल्यों की धरती पर युवाओं की आवाज को बलपूर्वक दबाने का प्रयास लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

“युवा अपने भविष्य से जुड़े सवाल पूछ रहे हैं”

आजसू अध्यक्ष ने कहा कि सरकार को यह समझना चाहिए कि आंदोलन कर रहे युवा अपने भविष्य से जुड़े सवाल पूछ रहे हैं। वे कोई अपराध नहीं कर रहे हैं। युवाओं की मांग न्याय, रोजगार और पारदर्शी व्यवस्था से जुड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि छात्रों को टकराव नहीं, बल्कि अपने भविष्य को लेकर समाधान चाहिए।

उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि लाठी के बल पर युवाओं की आवाज को दबाने का प्रयास नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि झारखंड के युवाओं की आवाज जितनी दबाई जाएगी, वह उतनी ही मजबूती के साथ सामने आएगी। सरकार को दमन का रास्ता छोड़कर संवाद और समाधान का मार्ग अपनाना चाहिए।

“छात्रों के संघर्ष में मजबूती से खड़ी है आजसू”

सुदेश कुमार महतो ने स्पष्ट किया कि आजसू पार्टी इस संघर्ष में छात्रों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई केवल कुछ अभ्यर्थियों या छात्रों की नहीं है, बल्कि झारखंड के युवाओं और राज्य के भविष्य से जुड़ा विषय है।

आजसू पार्टी ने सरकार से मांग की है कि पुलिस कार्रवाई में घायल हुए छात्रों को समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। इसके साथ ही पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाए और JPSC अभ्यर्थियों एवं छात्रों की न्यायोचित मांगों पर तत्काल गंभीर एवं सार्थक संवाद किया जाए।

आजसू पार्टी की प्रमुख मांगें

  • घायल छात्रों को समुचित एवं बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
  • छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
  • JPSC अभ्यर्थियों की न्यायोचित मांगों पर सरकार गंभीर संवाद करे।
  • दमनात्मक कार्रवाई के बजाय शांतिपूर्ण समाधान का रास्ता अपनाया जाए।
  • युवाओं की समस्याओं का समयबद्ध एवं सार्थक समाधान निकाला जाए।

इस अवसर पर आजसू पार्टी के केंद्रीय उपाध्यक्ष हसन अंसारी, केंद्रीय प्रमुख प्रवक्ता देवशरण भगत, केंद्रीय महासचिव संजय मेहता, केंद्रीय सचिव मोहसिन खान, केंद्रीय सचिव हरीश सिंह, केंद्रीय मीडिया संयोजक परवाज़ खान, रांची जिला अध्यक्ष संजय महतो, कार्यकारी अध्यक्ष हकीम अंसारी, सल्लू खान, सूरज मिश्रा, बबीता कुमारी, वीणा देवी, ओम वर्मा, बाबलू महतो, ऋतुराज शाहदेव, राजेश सिंह, सक्षम झा, अमन साहू, राज दुबे, मुकेश यादव, योगेश, रवि, रौशन, मदन सहित अन्य वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

आजसू पार्टी की ओर से जारी बयान में केंद्रीय मीडिया संयोजक परवाज़ खान ने कहा कि पार्टी छात्रों के लोकतांत्रिक संघर्ष के साथ खड़ी है और सरकार से मांग करती है कि पूरे मामले में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करते हुए छात्रों की मांगों का समाधान निकाला जाए।

Ranchi Club Tv
Author: Ranchi Club Tv

Leave a Comment

और पढ़ें