कोडरमा पुलिस की बड़ी कार्रवाई ! कटैया के स्कूल से 4 देशी हथियार और 5 जिंदा गोली बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कोडरमा:- कोडरमा पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक अहम कार्रवाई करते हुए सतगावां थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कटैया के गजहड टोला से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, बीती रात गुप्त सूचना मिली थी कि गजहड टोला में एक अनजान व संदिग्ध व्यक्ति पिछले दो दिनों से देखा जा रहा है। बताया गया कि वह व्यक्ति गांव के प्राथमिक सरकारी स्कूल में रात के समय सोता है और किसी को अपना नाम-पता नहीं बता रहा है। सूचना में यह भी आशंका जताई गई थी कि उसके पास अवैध आग्नेयास्त्र हो सकते हैं।

सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कोडरमा श्री अनुदीप सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई की गई। सतगावां थाना प्रभारी पु.अ.नि. सौरभ कुमार शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने बलों की सहायता से गजहड टोला स्थित प्राथमिक सरकारी स्कूल को घेराबंदी कर विधिवत छापामारी की। छापेमारी के दौरान स्कूल की सीढ़ी के नीचे सोए अवस्था में एक व्यक्ति को पकड़ा गया।

आरोपी की पहचान और बरामदगी ! प्लास्टिक बोरे से 4 हथियार और 5 कारतूस

पकड़े गए व्यक्ति की पहचान रामेश्वर प्रसाद उर्फ राकेश साव उर्फ राम ईश्वर प्रसाद (उम्र करीब 54 वर्ष) के रूप में हुई। वह जहानाबाद (बिहार) जिले के काको ओ.पी. भेलावार थाना क्षेत्र के मई गांव का रहने वाला बताया गया है। पुलिस ने आरोपी की तलाशी लेने पर उसके पास से आईटेल कंपनी का एक कीपैड मोबाइल (बिना सिम कार्ड) बरामद किया।

इसके बाद जब टीम ने मौके की तलाशी ली, तो एक सफेद रंग के प्लास्टिक बोरे से कुल 04 सिंगल शॉट देशी हथियार और 05 जिंदा कारतूस बरामद हुए। बरामद हथियारों में कार्बाइननुमा देशी रायफल (24 इंच), कार्बाइननुमा देशी रायफल (18.5 इंच), देशी रायफल (22.2 इंच) और देशी रायफल (24 इंच) शामिल हैं। वहीं 05 जिंदा कारतूस के पेंदे पर “8MM-KF” अंकित बताया गया है।

वैध कागजात नहीं, जवाब भी संतोषजनक नहीं—हथियार जब्त, आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के मुताबिक, बरामद हथियारों के संबंध में आरोपी कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका और न ही कोई संतोषजनक जवाब दे पाया। इसके बाद पुलिस टीम ने सभी हथियारों को जब्ती सूची बनाकर विधिवत जप्त किया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में हथियार खरीद-बिक्री की बात, “कौशल” नाम के व्यक्ति से संपर्क का दावा

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि शादी के बाद वह रामगढ़ में परिवार सहित किराए के मकान में रहकर मजदूरी करता था, लेकिन मजदूरी से खर्च नहीं चल पा रहा था। इसी दौरान उसका संपर्क नालंदा जिले के जैयतीपुर निमडा निवासी “कौशल” नाम के व्यक्ति से हुआ। आरोपी के अनुसार, वह कौशल से नए-पुराने हथियार खरीदकर आगे बिक्री करने लगा।

आरोपी ने यह भी बताया कि सतगावां-गोविंदपुर क्षेत्र में हथियार बेचने के उद्देश्य से उसने कौशल से 04 हथियार और 05 जिंदा गोली खरीदी। इन्हें प्लास्टिक के बोरे में छुपाकर वह कटैया के गजहड टोला पहुंचा और सरकारी विद्यालय में रहने लगा। ग्रामीणों ने अपने घर में रहने नहीं दिया, इसलिए वह रात में विद्यालय की सीढ़ी के नीचे सोता था और हथियारों को बोरे में लपेटकर अपने पास रखता था। आरोपी के बयान के मुताबिक, दिन में वह हथियार जंगल में छुपा देता था और रात में फिर हथियार लेकर स्कूल लौट आता था।

कांड दर्ज: सतगावां थाना कांड संख्या 14/26, शस्त्र अधिनियम की धाराओं में कार्रवाई

पुलिस ने बताया कि इस मामले में सतगावां थाना कांड संख्या 14/26 (दिनांक 12.02.2026) के तहत धारा 25(1-बी)A/26 शस्त्र अधिनियम में केस दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है। साथ ही, आरोपी के अन्य सहयोगियों/सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापामारी तेज कर दी गई है। पुलिस आरोपी के पुराने आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।

आपराधिक इतिहास: 2020 में शस्त्र अधिनियम और UAPA से जुड़ा केस दर्ज होने की जानकारी

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी रामेश्वर प्रसाद उर्फ राकेश साव का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उस पर “बराबर टूरिज्म (बिशुनगंज ओ.पी., जिला जहानाबाद, बिहार) थाना कांड सं. 07/20 (दिनांक 09.02.2020)” में शस्त्र अधिनियम की धाराओं के साथ UAPA (10/11/13) के तहत भी मामला दर्ज रहने का उल्लेख किया गया है।

पुलिस का संदेश ! अभियान जारी रहेगा

पुलिस अधीक्षक कोडरमा ने कहा है कि जिले में अपराध और अवैध हथियारों पर पूर्ण नियंत्रण के लिए सघन अभियान निरंतर जारी रहेगा। पुलिस टीम इस नेटवर्क की कड़ी-से-कड़ी जोड़ने में जुटी है ताकि अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

  • स्थान: गजहड टोला, ग्राम कटैया (सतगावां थाना), कोडरमा
  • बरामदगी: 04 देशी हथियार + 05 जिंदा कारतूस + 01 कीपैड मोबाइल
  • गिरफ्तार: रामेश्वर प्रसाद उर्फ राकेश साव (उम्र ~54)
  • कांड संख्या: सतगावां थाना कांड सं. 14/26 (12.02.2026)
  • धारा: 25(1-बी)A/26 शस्त्र अधिनियम
Ranchi Club Tv
Author: Ranchi Club Tv

Leave a Comment

और पढ़ें