राँची:- लगातार हो रही बारिश के बीच खुले आसमान के नीचे घंटों ड्यूटी करने वाले यातायात पुलिसकर्मियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अदाणी फाउंडेशन ने एक सराहनीय पहल की है। गुरुवार को रांची स्थित पुलिस अधीक्षक (यातायात) कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में अदाणी फाउंडेशन ने सिटीजन फाउंडेशन के सहयोग से यातायात पुलिसकर्मियों के बीच छातों का वितरण किया।
इस पहल का उद्देश्य बारिश के मौसम में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराना है, ताकि वे प्रतिकूल मौसम की परिस्थितियों में भी बिना किसी असुविधा के अपनी ड्यूटी निभा सकें।
कार्यक्रम में यातायात पुलिस उपाधीक्षक रामाकांत रजक, अदाणी पावर झारखंड के हेड कॉरपोरेट अफेयर्स संजीव शेखर, वरीय प्रबंधक रणवीर सिंह, सिटीजन फाउंडेशन की ओर से हेमंत तिर्की सहित बड़ी संख्या में यातायात पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
इस अवसर पर यातायात पुलिस उपाधीक्षक रामाकांत रजक ने अदाणी फाउंडेशन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि बारिश के मौसम में सड़क पर घंटों ड्यूटी करना पुलिसकर्मियों के लिए चुनौतीपूर्ण होता है। ऐसे समय में छातों का वितरण निश्चित रूप से उनके लिए उपयोगी साबित होगा और ड्यूटी के दौरान उन्हें काफी सुविधा मिलेगी। उन्होंने सामाजिक सरोकार से जुड़े इस प्रयास के लिए अदाणी फाउंडेशन का आभार भी व्यक्त किया।
वहीं अदाणी पावर झारखंड के हेड कॉरपोरेट अफेयर्स संजीव शेखर ने कहा कि अदाणी समूह समाज के विभिन्न वर्गों के कल्याण के लिए लगातार कार्य करता रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण, आजीविका और सामुदायिक विकास के साथ-साथ जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए अदाणी फाउंडेशन निरंतर सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत विभिन्न कार्यक्रम संचालित करता है।
उन्होंने कहा कि आगे भी अदाणी फाउंडेशन जनहित और सामाजिक सरोकार से जुड़े ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा, जिससे समाज के विभिन्न वर्गों को लाभ मिल सके और जरूरतमंद लोगों तक आवश्यक सहायता पहुंचाई जा सके।
गौरतलब है कि मानसून के दौरान ट्रैफिक पुलिसकर्मी शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर लगातार ड्यूटी करते हैं। ऐसे में बारिश से बचाव के लिए उपलब्ध कराए गए छाते उनके लिए राहत का माध्यम बनेंगे और वे अधिक प्रभावी ढंग से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकेंगे।









