दावोस में जैकेट नहीं, झारखंड का भविष्य दिखा रहे हैं हेमंत सोरेन : आलोक कुमार दुबे

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रांची:

झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी (JPCC) के महासचिव श्री आलोक कुमार दुबे ने दावोस में आयोजित वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) में मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन की भागीदारी पर उठाए जा रहे भाजपा के सवालों को “ओछी और नकारात्मक राजनीति” करार दिया। उन्होंने कहा कि “दिनभर में करोड़ों का सूट पहनने वाले प्रधानमंत्री की पार्टी को कपड़ों की राजनीति ज्यादा पसंद है।”

आलोक कुमार दुबे ने स्पष्ट कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन दावोस किसी “जैकेट का प्रदर्शन” करने नहीं गए हैं, बल्कि झारखंड की खनिज संपदा, औद्योगिक संभावनाओं और पर्यटन क्षमता को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने गए हैं। उनका उद्देश्य राज्य में निवेश आकर्षित करना, उद्योगों की स्थापना को गति देना और झारखंड के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करना है।

“भाजपा की नजर जैकेट पर, हमारी नजर युवाओं के भविष्य पर”

दुबे ने कहा, “भाजपा की सोच का स्तर देखिए कि जब मुख्यमंत्री राज्य के लिए करोड़ों के निवेश की संभावनाएं तलाश रहे हैं, तब भाजपा नेताओं की नजर एक जैकेट की कीमत पर टिकी है। उनकी नजर कपड़ों पर है और हमारी नजर झारखंड के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य पर।”

उन्होंने आरोप लगाया कि जब विपक्ष के पास विकास, रोजगार और निवेश पर बोलने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं बचता, तब वह व्यक्तिगत और सतही टिप्पणियों का सहारा लेने लगता है। यह भाजपा की हताशा और दिशाहीन राजनीति को दर्शाता है।

“झारखंड झुकेगा नहीं, रुकेगा नहीं”

कांग्रेस नेता ने कहा, “झारखंड झुकेगा नहीं, झारखंड रुकेगा नहीं। मुख्यमंत्री जी का दावोस जाना राज्य के आत्मसम्मान और भविष्य की संभावनाओं को मजबूती देने का प्रयास है। जनता जानती है कि सच्ची लोकप्रियता ट्विटर की ट्रोलिंग से नहीं, बल्कि जमीन पर काम करने से मिलती है।”

आलोक कुमार दुबे ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि विकास-विरोधी सोच को झारखंड की जनता अब पूरी तरह पहचान चुकी है। एक ओर सरकार वैश्विक स्तर पर निवेश और विकास के प्रयास कर रही है, वहीं भाजपा नकारात्मक राजनीति और भ्रम फैलाने में लगी है।

अंत में उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रयासों के साथ मजबूती से खड़ी है और झारखंड को औद्योगिक, आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने के लिए हर कदम पर सहयोग करती रहेगी।

Ranchi Club Tv
Author: Ranchi Club Tv

Leave a Comment

और पढ़ें