राँची:
वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची द्वारा आज कोतवाली थाना परिसर में शहर के सभी बार संचालकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कोतवाली डीएसपी, सदर डीएसपी सहित कई थाना प्रभारी भी मौजूद रहे।
बैठक में SSP ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि बार के अंदर किसी भी तरह की अव्यवस्था, मारपीट या विवाद को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी बार संचालकों को अपने यहां कार्यरत कर्मचारियों, विशेषकर बाउंसरों का पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य रूप से कराना होगा ताकि आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्तियों की पहचान समय पर की जा सके।
SSP ने यह भी निर्देश दिया कि बार के भीतर होने वाली किसी भी छोटी-बड़ी घटना की सूचना तुरंत संबंधित थाना को दी जाए। पुलिस का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि बार के अंदर का विवाद सड़क पर न पहुंचे और आम जनता को किसी प्रकार की समस्या न हो।

बैठक के दौरान यह भी चेतावनी दी गई कि यदि कोई बार संचालक इन निर्देशों का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









